जिले के 6 स्कूलों की उत्तर पुस्तिकाओं में खामियां

1/20/2019 3:40:57 PM

कुरुक्षेत्र (खुंगर): शिक्षकों की कई खामियां उजागर हुई हैं जिनको लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भी गम्भीर हुआ है। जानकारी के अनुसार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने इस पर नोटिस लेते हुए टिप्पणी की कि विद्यालय स्तर पर होने वाली 9वीं तथा 11वीं कक्षा की परीक्षाओं को गम्भीरता से नहीं लिया जा रहा है। बोर्ड के अधिकारियों ने इसे गम्भीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग को भी सचेत किया है। बताया जाता कि शिक्षा बोर्ड की गोपनीय इकाई ने इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले राज्य के स्कूलों की सूची जारी की है। इसमें शामिल 192 स्कूलों को कक्षा 9वीं, 266 स्कूलों को 11वीं की परीक्षा में लापरवाही बरतने का दोषी पाया गया है।

स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी

कुरुक्षेत्र के शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री के अनुसार लापरवाही बरतने वाले स्कूलों की सूची में कुरुक्षेत्र के 6 स्कूलों के नाम भी शामिल हैं। सूची के आधार पर कुरुक्षेत्र के स्कूलों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। इनको कारण बताओ नोटिस जारी किया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद शिक्षा अधिकारी आगामी कार्रवाई करेंगे।शिक्षा विभाग एवं हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 9वीं तथा 11वीं की वाॢषक परीक्षाओं का आयोजन विद्यालय स्तर पर करवाया जाता है।

परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षाओं के लिए प्रश्न-पत्र व तिथि पत्र बोर्ड कार्यालय तैयार करके विद्यालयों को भेजता है। इसी आधार पर वर्ष 2018 में परीक्षाएं हुई थीं। बोर्ड ने डी.ई.ओ. की मार्फत 1-1 हजार उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए मुख्यालय पर मंगवाई थीं। इसमें से 10 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं की बोर्ड स्तर पर पुन: जांच की तो त्रुटियां मिलीं। ऐसे तथ्य सामने आए कि कुछ स्कूलों ने बोर्ड द्वारा भेजे प्रश्न पत्र प्रयोग नहीं किए। गलत अंकन या अंकों के योग में गलती पकड़ी गई है। बोर्ड की गोपनीय इकाई की रिपोर्ट के आधार पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने टिप्पणी करते हुए प्रदेश के सभी डी.ई.ओ. को 9वीं, 11वीं कक्षा की परीक्षाओं को गम्भीरता से आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं। डी.ई.ओ. अरुण आश्री के अनुसार बोर्ड के निर्देशों को गम्भीरता से लिया गया है।

Deepak Paul