थाने के बाहर महिला ने खाया जहर, पी.जी.आई. रैफर

2/14/2019 10:33:43 AM

कुरुक्षेत्र(धमीजा): सैक्टर 8 स्थित महिला थाने के बाहर एक महिला ने जहर खा लिया। इससे अधिकारियों और महिला कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। 
महिला को नाजुक हालत में एल.एन.जे.पी. अस्पताल ले जाया गया। जहां से डाक्टरों ने उसे पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है। पुलिस महिला द्वारा जहर निगलने के कारणों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि शहर की एक कालोनी निवासी महिला ने महिला थाने में शिकायत दी थी जिसमें आरोप लगाया था कि एक युवक ने उसे बाइक का लोन दिलवाने नाम पर पैसे ऐंठ लिए हैं। युवक पैसे लौटाने की बजाय आनाकानी कर रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुधवार को थाने में बुलाया था। महिला थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को बातचीत से मामला निपटाने को कहा। थाना परिसर में मामला निपटाने के लिए बैठक में दोनों पक्षों में तनातनी हो गई जिसके बाद मामला बिगड़ गया। थोड़ी देर बाद महिला ने थाना परिसर के बाहर जाकर जहर निगल लिया। 

डी.एस.पी. तान्या सिंह ने बताया कि महिला ने थाने के बाहर जहर निगला है। महिला ने बाइक के लोन के मामले में एक युवक के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दी थी। दोनों पक्षों को बातचीत से मामला निपटाने के लिए बुधवार को थाने में बुलाया था।

Deepak Paul