वैष्णो देवी जा रहे पैदल यात्रियों को वाहन ने मारी टक्कर, 3 घायल

6/20/2019 11:27:26 AM

शाहाबाद मारकंडा(रणजीत): रोहतक निवासी सुनील गोसाईं 28 वर्षों से अपने 4 मित्रों के साथ पैदल वैष्णो देवी जा रहे थे तो उनका गु्रप ट्रक की चपेट में आ गया और 3 साथी गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पी.जी.आई. रैफर किया गया है। सुनील ने बताया कि वह सन् 1992 से अपने साथियों सहित पैदल यात्रा करके माता वैष्णो देवी के दरबार जा रहे हैं। इस बार वह अपने भांजे दीपक, भूषण, अशोक और कृष्ण के साथ इस यात्रा के लिए चले थे।

कुछ दिन पहले उन्होंने रात्रि ठहराव गोहाना में किया तो उनकी जेब से लगभग 10,000 रुपए चोरी हो गए जिस पर उनके साथियों ने यात्रा कैंसल कर वापस लौटने का मन बनाया लेकिन सुनील ने उन्हें दिलासा दिलवाया और धैर्य बंधाते हुए माता के दर्शन के लिए यात्रा जारी रखने की बात कही। इस पर सभी सहमत हो गए और यात्रा शुरू कर दी। बीती रात शाहाबाद पहुंचने पर मारकंडा मंदिर में विश्राम किया और सुबह उठकर स्नान इत्यादि करके यात्रा फिर शुरू कर दी।

जब वह शाहाबाद-अम्बाला जी.टी. रोड पर आदेश मैडीकल कालेज के सामने पहुंचे तो ट्रक उनके बिल्कुल करीब से गुजरा जिससे पैदल जा रहे भूषण का  बैग ट्रक में फंस गया और वह ट्रक के साथ घिसटने लगा। उनके साथ अशोक और कृष्ण ने भागकर भूषण को ट्रक से छुड़वाया जिसमें वह तीनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही हैल्पर्स की टीम एम्बुलैंस सहित मौके पर पहुंची और घायलों को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।

यहां से प्राथमिक उपचार के बाद भूषण, अशोक व कृष्ण को पी.जी.आई. रैफर कर दिया। सुनील ने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि सभी की जान बच गई, हालांकि उन्हें मलाल है कि वह इस बार माता रानी के दर्शन को नहीं जा सकेंगे।

Pooja Saini