नशे के खिलाफ मुहिम लाई रंग, पकड़े 1114 आरोपी

12/31/2017 12:16:57 PM

करनाल(ब्यूरो):पुलिस इस साल नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ ज्यादा ही सख्त नजर आई जिसके चलते पुलिस द्वारा करीब 1114 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जहां एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत भी 223 तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराबनोशी व अवैध शराब का व्यापार करने वाले करीब 891 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जहां एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत पिछले साल की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक केस दर्ज हुए जबकि दूसरे मामलों में यह आंकड़ा करीब 10 प्रतिशत अधिक रहा जिससे पता चलता है कि पुलिस द्वारा चलाई गई नशा के खिलाफ मुहिम रंग लाई है।

एस.पी. जश्नदीप सिंह रंधावा ने कहा है कि नशा एक अभिशाप है, नशे से देश की युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, जिसपर नियंत्रण करना अति आवश्यक है।इस वर्ष नशे के इस अभिशाप को मिटाने के लिए पुलिस कप्तान के दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस करनाल द्वारा कई नशा विरोधी अभियान चलाए गए जिनके तहत जिले में नशा व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए और नशा व्यापारियों को गिरफ्तार करने के लिए कई विशेष टीमों का गठन कर छापामारी, गश्त व नाइट डोमिनेशन चलाए गए। जिला पुलिस द्वारा स्कूल-कालेजों में जाकर विद्यार्थियों को सैमीनारों के माध्यम से जागरूक किया गया। 

इतने मामले हुए थे दर्ज
2016 में एन.डी.पी.एस. एक्ट के कुल 200 मामले दर्ज कर 223 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि 2017 में अब तक एन.डी.पी.एस. के कुल 244 मामले दर्ज कर 284 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो गत वर्ष से करीब 25 प्रतिशत ज्यादा है और नशा तस्करों में भी भय का माहौल है। 

ये हुआ बरामद
उपरोक्त के संबंध में पुलिस ने 15 मामले दर्ज कर 2.824 किलोग्राम अफीम बरामद की, 59 मामले दर्ज कर 594.389 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद की, 14 मामले दर्ज कर 2.102 किलोग्राम चरस बरामद की, 46 मामले दर्ज कर 124.735 ग्राम गांजा बरामद किया, 108 मामले दर्ज कर 980 ग्राम स्मैक बरामद की और 2 मामले दर्ज कर कुल 155 बोतल कैफर बरामद की गई। 

शराबनोशी व अवैध शराब
पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराबनोशी करने वालों व अवैध शराब का व्यापार करने वालों पर शिकंजा कसते हुए, अब तक अवैध शराब का व्यापार करने वालों के खिलाफ  860 मामले दर्ज किए गए जिनमें 891 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जो गत वर्ष-2016 से 10 प्रतिशत ज्यादा है। अवैध शराब के व्यापारियों से 84,263 बोतल अंग्रेजी शराब, 16,292 बोतल देसी शराब, 238 बोतल बीयर, 6207 किलोग्राम लाहन, 1585 बोतल कच्ची शराब और 280 बोतल सिपरिट बरामद की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराबनोशी करने वाले कुल 367 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया व उनके खिलाफ सम्बंधित थानों में 289 मामले दर्ज किए गए। गत वर्ष के बजाय इस वर्ष अवैध शराब और लाहन करीब दोगुना बरामद किया गया।