CM खट्टर आज रवाना होंगे दुबई, निवेशकों को करेंगे आमंत्रित

12/5/2017 10:54:00 AM

चंडीगढ(बंसल):हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर 5 दिसम्बर को दुबई के दौरे पर रवाना होंगेे। विदेश जाने से पहले मुख्यमंत्री एच.पी.एस.सी. के एक सदस्य की शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री एक बार फिर जोर-शोर से प्रदेश में निवेश लाने की तैयारियों में जुट गए हैं। बीते कल मुख्यमंत्री पटना मेंं प्रवासी हरियाणवियों को प्रदेश में निवेश का न्यौता देकर आए थे तो वहीं अब 2 दिन की यात्रा पर विदेश जा रहे हैं। यह भी कहा जा सकता है कि सरकार अगले साल होने वाले हैपनिंग हरियाणा की तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश में निवेश भी एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा अक्सर सरकार पर निशाना साधते हैं कि प्रदेश सरकार निवेश के मामले में असफल रही है। वह यह भी दावा करते है कि उनकी सरकार के दौरान जो समझौते पाइपलाइन में थे, उनमें से कुछ निवेश मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आया है।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि दुबई यात्रा का उद्देश्य निवेशकों को आमंत्रित करना है। हरियाणा में पहले से ही कुछ निवेशक कार्य कर रहे हैं तथा कुछ और निवेशक प्रदेश में आने के इच्छुक हैं। प्रदेश में निवेश को और अधिक गति देने की दिशा में दुबई के निवेशकों को आमंत्रित करेंगे। 2018 में दोबारा से होगा हैपनिंग हरियाणा उल्लेखनीय है कि पिछले साल गुरुग्राम में हैपनिंग हरियाणा का आयोजन हुआ था। तभी सरकार ने अगले साल यानी 2018 में भी हैपनिंग हरियाणा करने का ऐलान किया था। अगले साल का आयोजन भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ही होने के आसार हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार शाम को यू.ए.ई. के लिए रवाना होंगे और दुबई में वहां के उद्यमियों से मुलाकात करेंगे। उनके साथ उद्योग विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल और एच.एस.आई.आई.डी.सी. के प्रबंध निदेशक आर.एस. वुंडरू भी दुबई जा रहे हैं। प्रदेश में निवेश लाने के लिए मुख्यमंत्री पहले भी विदेश जाते रहे है। उन्होंने अभी तक यू.एस.ए., जापान, कनाडा, चीन, सिंगापुर और हांगकांग की यात्राएं की हैं।