काटे गए पेड़ की फोटो खींचने गए फील्ड वर्कर के साथ मारपीट, छीना कैमरा

12/21/2017 1:43:03 PM

यमुनानगर(ब्यूरो):शहर के पॉश इलाके माडल टाऊन में 20 साल पुराने तून के हरे पेड़ को काट दिया गया। सूचना पर एच.ई.एस. ने फील्ड वर्कर को भेजा। आरोप है कि शोरूम संचालक ने उसका कैमरा छीन लिया, मार पिटाई की और कैमरे का सारा रिकार्ड नष्ट कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। एच.ई.एस. अपने स्तर पर कोठी व शोरूम संचालक का पता लगा रही है। गुरुवार को संस्था के सैंकड़ों लोग इसकी शिकायत शहर पुलिस यमुनानगर से करेंगे। संस्था के अध्यक्ष प्रो. एस.एल.सैनी ने कहा कि गुंडागर्दी की हद हो चुकी है। उन्हें सूचना मिली थी 99 आर माडल टाऊन में तून का पेड़ काटा गया है। 

उन्होंने फोटो खींचने के लिए अपने फील्ड़ वर्कर्स संजय कुमार वासी ईशरपुर को मौके पर भेजा। आरोप है कि उसे पीटते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। उसका कैमरा छीन लिया और सारा रिकार्ड नष्ट कर दिया। उनका कहना है कि इस मामले की जानकारी नगरनिगम को भी दी गई है। उनके अधिकारी भी मौके पर आए थे। सैनी ने अफसोस व्यक्त किया कि लोग धूप और छोटे-छोटे कार्यों के लिए हरे पेड़ों को काट रहे हैं। प्रशासन उनकी सुनता नहीं। ऐसे में तो उन्हें एच.ई.एस. संस्था को बंद ही करना पड़ेगा। सैनी का कहना है कि उन्होंने फोन के माध्यम से पेड़ काटने वाले परिवार से बात की थी। उन्हें किसी ने भी इस बारे जानकारी नहीं दी और न ही किसी को हरा पेड़ काटने का अधिकार है। उनका नाम तो कोई भी ले देगा क्योंकि सभी उनको जानते हैं। 

हरा पेड़ काटना गुनाह : सूरा 
नगरनिगम के ई.ओ. दीपक सूरा का कहना है कि इस मामले को चैक करवाया जाएगा। वन विभाग की अनुमति के बाद ही हरा पेड़ काटा जा सकता है वह भी तब जब सरकारी योजना के लिए जगह का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। या फिर सी.एम. अनाऊंसमैंट से संबंधित कोई कार्य हो। 

एफ.आई.आर. हो सकती है : बोजाराजन 
डी.एफ.ओ. निवेदिथा बोजाराजन का कहना है कि बिना अनुमति पेड़ नहीं काटा जा सकता। इस मामले को गंभीरता से देखा जाएगा। उनका कहना है कि जिस भी व्यक्ति ने पेड़ काटा है उसके खिलाफ एफ.आई.आर. हो सकती है।