डेंगू से व्यक्ति की मौत

11/2/2017 6:17:41 PM

गोहाना(अरोड़ा):शहर में डेंगू का पहला शिकार एक दुकानदार बना है जिसने दिल्ली के महाराजा अग्रसैन अस्पताल में दम तोड़ दिया। राधेश्याम गर्ग (45) पेशे से दुकानदार था। उसकी सिटी थाने के पास ब्रैड की एजैंसी थी। राधेश्याम पहले खानपुर कलां गांव स्थित बी.पी.एस. राजकीय महिला मैडीकल कालेज में दाखिल रहा। वहां उसके प्लेटलैट्स कम होकर 10 हजार तक गिर गए। 

इसके बाद उसे दिल्ली के महाराजा अग्रसैन अस्पताल में ले जाया गया जहां उपचार के दौरान बुधवार को राधेश्याम का निधन हो गया। उसका उपचार डा. सी.पी. आहूजा व डा. गुंजन अग्रवाल कर रहे थे। अस्पताल द्वारा जारी मृत्यु प्रमाणपत्र में गर्ग की मौत डेंगू से होने की पुष्टि की गई है। शव को गोहाना लाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक व्यापारी अपने पीछे पत्नी व 2 बेटे छोड़ गया है।