डूब रहे युवक को बचाने के लिए तालाब में कूदे DSP

1/23/2018 3:04:26 PM

जींद(ब्यूरो): डी.एस.पी. कप्तान सिंह ने एक बार फिर अपनी जान की परवाह किए बिना किसी दूसरे की जान बचाने के लिए गहरे तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने 2 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर रविवार रात जींद के रानी तालाब के गहरे पानी में गिरे झांझ गेट के इशांत नामक युवक की जान बचाने के अपनी तरफ से भरसक प्रयास किए लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई। डी.एस.पी. कप्तान सिंह और पुलिस के 2 अन्य कर्मचारियों के इस जज्बे ने खाकी के प्रति लोगों के मन में सम्मान पैदा करने का काम किया।

रविवार रात जींद के रानी तालाब के गहरे पानी में शहर के झांझ गेट के 26 वर्षीय इशांत नामक युवक के गिरने की सूचना पुलिस को मिली। जींद के डी.एस.पी. सिटी कप्तान सिंह ने बिना कोई पल गंवाए गहरे और हाड़ जमा देने वाले ठंडे पानी में छलांग लगा दी ताकि तालाब में गिरे इशांत की जान को बचाया जा सके। उनके साथ 2 अन्य पुलिस कर्मचारी सब-इंस्पैक्टर राजेंद्र और सिपाही कुलदीप भी तालाब में कूद गए। इन तीनों ने तालाब में गिरे इशांत को जिंदा निकालने के लिए भरसक प्रयास किए। उन्होंने गहरे पानी से इशांत को बाहर निकाल ही लिया लेकिन तब तक इशांत की जान जा चुकी थी।

खाना खाकर दोस्तों केसाथ घर लौट रहा था इशांत
शहर के झांझ गेट का 26 वर्षीय इशांत नामक युवक रविवार रात कुंदन सिनेमा के पास एक ढाबे से खाना खाकर दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इशांत ने रानी तालाब के पास स्कूटी को रुकवाया और वह तालाब में झांकने लगा। इसी दौरान वह रानी तालाब के गहरे पानी में गिर गया। इसमें बाद में उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार को शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। 

खाकी के प्रति बढ़ा लोगों के मन में सम्मान
डी.एस.पी. कप्तान सिंह और 2 अन्य पुलिस कर्मचारियों ने रविवार रात जिस तरह रानी तालाब के गहरे पानी में गिरे युवक इशांत की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए गहरे और बेहद ठंडे पानी में छलांग लगा दी, उससे खाकी के प्रति लोगों के मन में आदर बढ़ा है।

पहले भी डी.एस.पी. कप्तान सिंह ने दिखाया था इसी तरह का जज्बा
डी.एस.पी. सिटी कप्तान सिंह पहली बार जान की बाजी लगाकर दूसरे की जान बचाने के लिए इस तरह तालाब में कूदे हों, ऐसा नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने शहर के सैक्टर 7 में बने हुडा के नहरी पानी पर आधारित पेयजल सप्लाई के पानी के तालाब में डूबे एक बच्चे को बचाने के लिए इसी तरह पानी में छलांग लगाई थी। वह बच्चे को तालाब से बाहर भी निकाल लाए थे लेकिन बच्चे की जान नहीं बच पाई थी। 

मलाल इस बात का कि नहीं बचा पाया युवक की जान
डी.एस.पी. कप्तान सिंह का कहना है कि उन्हें मलाल इस बात का है कि वह रानी तालाब में गिरे युवक इशांत की जान अपने तमाम प्रयासों के बावजूद नहीं बचा पाए। उनका यह भी कहना है कि इस तरह के मौके पर अपनी जान की परवाह नहीं की जाती। सामने केवल यह रहता है कि किसी की जान बचा ली जाए। इसके चलते ही उन्होंने रविवार रात रानी तालाब में डूबे युवक को बचाने के लिए ठंडे और गहरे पानी में छलांग लगाई।