पैट्रोल पम्प से सी.सी.टी.वी कैमरे का डी.वी.आर. व कैश चोरी

12/9/2017 12:56:07 PM

रानियां(दीपक):गांव खारियां के राजा फीलिंग स्टेशन पर देर रात अज्ञात लोगों ने पम्प के कैबिन का गेट तोड़कर अंदर रखी लगभग 10 हजार की नकदी चुरा ली। चोर इतने शातिर थे कि वह कैश चुराने के बाद सी.सी.टी.वी. कैमरे का डी.वी.आर. व वहां पर इंटरनैट का वाईफाई सिस्टम भी अपने साथ ले गए। पम्प मालिक ने बताया कि यह पम्प खारियां के गांव मैनाखेड़ा व कुस्सर मार्ग पर स्थित है।

पम्प के कर्मचारी रात को साढ़े 9 बजे पम्प बंद कर घर चले गए और एक व्यक्ति जो पम्प पर रहता है वह पम्प के पीछे बने कमरे में रहता है वह खाना बनाकर अपने कमरे में सो गया और पम्प के कारिंदे जब सुबह 6 बजे पम्प पर पहुंचे तो देखा कि पम्प के कैबिन का दरवाजा टूटा हुआ हैं और उन्होंने तुरंत पम्प मालिक को सूचित किया। पम्प संचालक कृष्ण कालड़ा मौके पर पम्प पहुंच गए और उन्होंने तुरंत रानियां पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस कर्मी सतपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण लिया और सबूत एकत्र किए। पुलिस ने पम्प संचालक के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।