ट्रैन की छत पर चढ़ा शराबी, हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद यात्रियों ने पीटा

11/26/2017 2:56:54 PM

सोनीपत(का.प्र.):एक शराबी के ड्रामे ने हजारों दैनिक यात्रियों को मुसीबत में डाल दिया। शराबी ट्रेन की छत पर चढ़ गया और ओ.एच.ई. तारों को पकडऩे की जिद करने लगा। करीब आधे घंटे के ड्रामे के बाद भी जब शराबी युवक नीचे नहीं उतरा तो वहां पर मौजूद यात्रियों ने ट्रेन पर चढ़कर उसकी पिटाई की व उसे नीचे धकेल दिया। रेलवे पुलिस शराबी युवक को पकड़कर थाने ले गई। इस बीच इस पूरे घटनाक्रम के कारण शाम के समय सोनीपत स्टेशन पर पहुंचने वाली 54303 पैसेंजर गाड़ी की सवारियों को तो परेशानी हुई ही साथ ही उसके बाद पहुंचने वाली ट्रेनें भी लेट रहीं जिसके कारण यात्री परेशान रहे।

गनीमत रही कि शराबी युवक व रेल यात्री सकुशल रहे। बाद में जी.आर.पी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी। हुआ यूं कि शनिवार को शाम 5 बजकर 15 मिनट पर जैसे ही दिल्ली की ओर से आने वाली पैसेंजर 54303 ट्रेन सोनीपत के प्लेटफार्म-2 पर पहुंची तो वहां पर खड़ा युवक संजीव कुमार निवासी गांव बावली, बागपत ट्रेन की छत पर चढ़ गया। आसपास के लोगों ने बताया कि उसने शराब पी रखी थी और ट्रेन की छत पर चढ़कर हंगामा करने लगा। युवक ने कहा कि उसे उतारने का प्रयास किया गया तो वह ट्रेन के ऊपर से गुजर रही ओ.एच.ई. तारों को छू लेगा।

इसी बीच मामले की सूचना पाकर जी.आर.पी. व आर.पी.एफ. पुलिस के अलावा स्टेशन अधीक्षक विजय सिंह व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन युवक नहीं माना। इस पर अधीक्षक विजय सिंह ने नई दिल्ली कंट्रोल रूम के अधिकारियों से फोन पर सम्पर्क कर ओ.एच.ई. तारों की बिजली सप्लाई बंद करवाई जिसके बाद वहां मौजूद यात्री ट्रेन पर चढ़ गए शराबी युवक की जमकर धुनाई की और फिर उसे नीचे धकेल दिया। युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर हवालात में भेज दिया। पुलिस ने भी बताया कि युवक ने शराब पी रखी थी।  

आधे घंटे तक परेशान रहे यात्री 
पैसेंजर ट्रेन प्लेटफार्म पर ही खड़े रहने के कारण आगे जाने वाले यात्री काफी परेशान रहे। यात्रियों ने शराबी युवक से कई बार नीचे उतरने की अपील की लेकिन वह नहीं माना। यात्रियों ने बताया कि पहले ही ट्रेन निर्धारित समय से लेट चल रही थी लेकिन युवक के ड्रामे के कारण उन्हें और अधिक इंतजार करना पड़ा।  

युवक बोला, दिल्ली में छीन लिए थे उसके पैसे 
पुलिस ने हंगामा कर रहे युवक को काबू किया तो उसने बताया कि दिल्ली में रेलवे पुलिस के सामने उसके 10 हजार रुपए छीन लिए गए लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में वह आक्रोश में था और इसलिए ही वह मजबूरी में ट्रेन की छत पर चढ़ गया। उसे उतारने के लिए स्टेशन अधीक्षक विजय सिंह के अलावा जी.आर.पी. से सुभाष व आर.पी.एफ. से अशोक ए.एस.आई. मौके पर पहुंचे थे।