हरियाणा सरकार चिंतन व मनन तक सीमित : सुर्जेवाला

1/19/2018 2:52:47 PM

चंडीगढ़(धरणी):कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार अब केवल चिंतन और मंथन तक सीमित हो गई है जबकि हरियाणा में लगातार गैंगरेप हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं और बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं। संगठित और असंगठित अपराध चरम सीमा पर है। खट्टर सरकार नकारा और निकम्मी साबित हुई है और बेखबर सो रही है जबकि गुंडे और अपराध का बोलबाला सर चढ़कर हरियाणा में बोल रहा है।

 हर 8 घंटे में एक बलात्कार की घटना, हर 8 घंटे में एक हत्या की घटना, अनेकों अपहरण और छेड़छाड़ की घटना आए घंटे हरियाणा के अंदर हो रही है। प्रश्न ये उठता है कि भाजपा अपने घोषणा पत्र में ये कहकर सत्ता में आई थी कि वह सी.सी.टी.वी. कैमरा, स्पैशल टास्क फोर्सिस और आपराधिक तत्वों पर रोकथाम के कारगर कदम उठाएगी। पर सच्चाई ये है कि अकेले 2016 में 1198 बलात्कार और 191 गैंगरेप की घटनाएं हरियाणा में हुईं, ये भारत सरकार के आंकड़े बताते हैं। गैंगरेप में अब हरियाणा सरकारी आंकड़े के मुताबिक देश में पहले नंबर पर है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सिर्फ शब्दों के मायाजाल में या झूठी सांत्वना देकर अपनी जिम्मेदारी से पीछा नहीं छुड़ा सकते। मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार दिल्ली बैठकर हरियाणा को चलाना चाहती है। दिल्ली से हरियाणा नहीं चल सकता। न ही हरियाणा में हो रहा अपराध दिल्ली से नियंत्रित हो सकता है। मुख्यमंत्री को भाजपा अध्यक्ष और भाजपा के नेताओं के फेरे लगाने से फुर्सत मिले तो वो कानून व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त करेंगे।