लॉ एंड आर्डर को लेकर सरकार गंभीर

11/26/2017 2:44:18 PM

जींद(का.प्र.):कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की रविवार को जींद में हो रही रैली से पहले शाहपुर और कंडेला गांवों में आजाद किसान मिशन द्वारा रास्ता रोक दिए जाने के बाद पैदा हुए हालात के बीच जींद में रविवार को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सरकार बेहद गंभीर है। स्थिति पर नजर रखने के लिए अम्बाला के आयुक्त विवेक जोशी को शनिवार को विशेष रूप से जींद भेजा गया। शनिवार को डी.सी. अमित खत्री, हिसार रेंज के आई.जी. अमिताभ ढिल्लों और एस.एस.पी. डा. अरुण सिंह ने शांति कमेटी की बैठक बुलाकर रविवार को जिले में पूर्ण शांति बनाने में सहयोग मांगा। शांति कमेटी में शामिल लोगों ने कहा कि जिले में पूर्ण शांति बनाकर रखी जाएगी। 

आई.जी. अमिताभ ढिल्लों ने शांति कमेटी की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि शाहपुर और कंडेला में कुछ लोगों ने जिस तरह के हालात पैदा किए थे, उनसे जींद प्रशासन बेहद समझदारी से निपटा और हालात को सामान्य बनाया। उन्होंने कहा कि जींद में हालात एकदम सामान्य हैं। रविवार को सांसद सैनी की रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले में तमाम सड़क मार्ग खुले हुए हैं और यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।

आजाद किसान मिशन के अध्यक्ष संदीप भारती की शनिवार को कंडेला से गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आई.जी. ने कहा कि पुलिस ने कुछ निरोधक कार्रवाई जरूर की है लेकिन उन्होंने संदीप भारती की गिरफ्तारी या उसे पुलिस हिरासत में लिए जाने को लेकर कोई सीधा और साफ जवाब नहीं दिया। पत्रकार सम्मेलन में मौजूद डी.सी. अमित खत्री ने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तमाम जरूरी कदम उठाए गए हैं। एस.एस.पी.डा. अरुण सिंह ने कहा कि जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

जो भी कानून तोड़ेगा, होगी उचित कार्रवाई
हिसार रेंज के आई.जी. अमिताभ ढिल्लों से जब यह पूछा गया कि सांसद सैनी को जींद रैली के लिए अनुमति में जिलाधीश ने जो शर्तें लगाई हैं, उनका उल्लंघन नहीं हो, इसके लिए क्या व्यवस्था की गई है तो उनका कहना था कि रैली पर प्रशासन की पैनी नजर है। जो भी कानून तोड़ेगा, उस पर कार्रवाई होगी। कानून के लिए सब बराबर हैं। 

आयुक्त विवेक जोशी ने ली अधिकारियों की बैठक
रविवार को सांसद सैनी की रैली के दौरान कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जींद में विशेष रूप से तैनात किए गए अम्बाला के आयुक्त विवेक जोशी ने जींद पहुंचते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा रैली को लेकर नियुक्त किए गए ड्यूटी मैजिस्टे्रट की बैठक ली और जरूरी निर्देश दिए। यहां यह उल्लेखनीय है कि विवेक जोशी बंसीलाल सरकार के शासन में काफी समय तक जींद के डी.सी. रहे थे। जींद के बारे में उन्हें काफी जानकारी है और इसे देखते हुए ही सरकार ने उन्हें जींद में विशेष रूप से भेजा है।