NRI पॉलिसी बनाएगी हरियाणा सरकार, विदेशी केंद्र स्थापित करने का दिया प्रस्ताव

1/11/2018 5:47:24 PM

 

चंडीगढ़(ब्यूरो):  हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार से राज्य में एक विदेशी केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस केंद्र की स्थापना के लिए प्रदेश सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी। यह जानकारी सीएम मनोहर लाल खट्टर ने नई दिल्ली में अप्रवासी भारतीयों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 3 पासपोर्ट कार्यालय पहले से ही स्थापित हैं।

सीएम ने हरियाणा में विदेशों की मांग के अनुरूप व विदेशों में रोजगार करने के इच्छुक व्यक्तियों की सुविधाओं के लिए केंद्र से राज्य में कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जाने का आग्रह किया है।  उन्होंने कहा कि कौशल विकास केंद्र की स्थापना से राज्य से रोजगार के लिए विदेशों में जाने की प्रक्रिया को अधिक गति मिलेगी। अप्रवासी दूल्हों  की विभिन्न प्रकार की शिकायतों से संबंधित प्रश्न के उत्तर में सीएम ने कहा कि राज्य सरकार NRI पॉलिसी बनाएगी। हालांकि, हरियाणा की NRI सैल इस पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करती है। गत वर्ष प्रदेश में इससे संबंधित 136 मुकद्दमे दर्ज किए गए हैं।