गाय व गीता के नाम पर लुटाया जा रहा है खजाना : हुड्डा

11/28/2017 3:12:32 PM

रेवाड़ी(वधवा):पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि अपने 10 साल के कार्यकाल में उन्होंने विकास कार्यों की झड़ी लगा दी थी परंतु मोदी लहर के चलते लोगों ने सत्ता भाजपा को सौंप दी। सत्ता में आने के 3 साल बाद भी प्रदेश सरकार कोई बड़ा प्रोजैक्ट लाने या लगाने में असफल रही है। झूठी घोषणाएं व वायदे कर जनता के खून-पसीने की कमाई को गाय व गीता के नाम पर लुटाया जा रहा है। सरकार की झूठी घोषणाओं व वायदों से त्रस्त जनता अब चुनावों का इंतजार कर रही है ताकि भाजपा को सबक सिखा सके। 

उक्त विचार हुड्डा ने सोमवार को रेवाड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कर्नल राव रामसिंह की पुत्रवधू व संजय राव की पत्नी रश्मि यादव के अकस्मात निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पूर्व मंत्री कै. अजय सिंह यादव का कोई स्टैंड नहीं है। जिस कारण से वे उनकी बातों पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने पद्मावती फिल्म के बारे में कहा कि फिल्म को बैन कर देना चाहिए। अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी को धार्मिक व सामाजिक भावनाओं से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।