पति की सिर कटी लाश, पत्नी ने छाती पर बने दिल के निशान से की पहचान

12/14/2017 2:12:01 PM

पिहोवा:ड्रेन बाईपास पर गत दिवस झाडिय़ों में मिली सिर कटी लाश की शिनाख्त गऊ चरांद पिहोवा निवासी रवि के रूप में हुई है। गत देर रात्रि सुनीता (मृतक की पत्नी) ने उसकी बाजू पर लिखे नामों व छाती पर बने दिल के निशान की पहचान गऊ चरांद निवासी रवि के रूप में की। रवि रात 8 बजे तक फौजी प्लाट में अपने 2 दोस्तों के साथ देखा गया था। थानाध्यक्ष प्रतीक कुमार के अनुसार रवि ने अपने 2 दोस्तों के साथ एक दुकान से मछली लेकर शराब पी थी। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। अगले दिन उसकी सिर कटी लाश ड्रेन बाईपास कौशिक फार्म के समीप झाडिय़ों में मिली। 

मृतक की दोनों बाजुओं पर साहिल, रवि, सुनीता व आर.के.एल. लिखा था। इसी के चलते गत देर रात्रि मृतक रवि की पत्नी सुनीता ने उसकी शिनाख्त की। थानाध्यक्ष के अनुसार बाजू पर लिखा साहिल उसके भांजे का नाम है। रवि उसका खुद का तथा सुनीता उसकी पत्नी का नाम है तथा आर.के.एल. शायद उसके दोस्तों के नाम हैं। मृतक रवि के 2 बच्चे 4 साल की ज्योति व 2 साल का राम हैं। मृतक के माता-पिता फौजी प्लाट में रहते हैं। रवि काफी समय से गऊ चरांद में रह रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि रवि के साथ 1 दिन पहले शराब पीने वाले दोनों दोस्तों से पूछताछ की जा रही है कि शराब पीने के बाद वे कहां-कहां गए थे।

खानपुर मैडीकल कालेज में हुआ पोस्टमार्टम
थानाध्यक्ष ने बताया कि गर्दन न होने के कारण कुरुक्षेत्र के एल.एन.जे. पी. अस्पताल के डाक्टरों ने पोस्टमार्टम यहां न होने की बात कह खानपुर मैडीकल कालेज में पोस्टमार्टम करवाने को कहा क्योंकि वहां स्पैशलिस्ट डाक्टर होने के चलते ऐसे केसों में वहीं पर पोस्टमार्टम होता है।