मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर का हरियाणा सरकार की ओर से स्वागत

11/28/2017 6:04:53 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री राम बिलास शर्मा ने आज सुबह दिल्ली में एयरपोर्ट पर मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर का हरियाणा सरकार की ओर से स्वागत किया। उनके साथ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के संयोजक डॉ. योगेंद्र मलिक व नई दिल्ली में हरियाणा भवन में एडिशनल रेजीडेंट कमीश्नर श्री विवेक सक्सेना के अलावा मानुषी छिल्लर की मां, पिता, बहन व भाई भी मौजूद थे।

शिक्षा मंत्री ने मानुषी को शॉल ओढ़ाकर व गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया और सौंदर्य प्रतियोगिता में हरियाणा और भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी बेटी ने पूरे विश्व को गीता का संदेश देने वाली हरियाणा की धरती का गौरव बढ़ाया है। मिस वल्र्ड प्रतियोगिता के फाइनल में जज द्वारा मानुषी छिल्लर से सबसे अधिक सेलरी के प्रोफेसन के संबंध में पूछे गए प्रश्न के जवाब में कहे गए शब्दों की प्रशंसा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि मानुषी के उदगार अभिनंदन योग्य हैं। उन्होंने कहा कि, मानुषी ने अपने जवाब से पूरे विश्व को जता दिया है कि भारत की संस्कृति सर्वश्रेष्ठï है। भारतीय संस्कृति में माता-पिता को देवता कहा गया है-मातृदेवो भव, पितृदेवो भव। भगवान गणेश माता-पिता की परिक्रमा करके ही प्रथम पूज्य हो गए थे।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर का एक दिसंबर 2017 को खानपुर कलां के मैडिकल कालेज में एक भव्य समारोह आयोजित करके सम्मान किया जाएगा।

मानुषी मूल रूप से झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के बामडौली गांव की हैं, उनका परिवार अब दिल्ली में रहता है। मानुषी के पिता मित्रबसु पेशे से डॉक्टर हैं जो फिलहाल दिल्ली के इनमास इंस्टीट्यूट में असिस्टेंट डायरेक्टर हैं और माता नीलम इब्मास कॉलेज में बायोकेमिस्ट्री की प्रोफेसर हैं।