यात्रियों व कर्मचारियों की समस्या का समाधान करेगी रेलवे की समाधान एप

1/19/2018 12:13:52 PM

सोनीपत(ब्यूरो):समस्या का समाधान करवाने के लिए उच्चाधिकारियों के चक्कर काट रहे रेल कर्मचारियों व यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों व कर्मचारियों को पूरी तरह से हाईटैक प्रणाली से जोडऩे के लिए रेलवे ने नववर्ष पर समाधान एप की सौगात दी है। समस्या से परेशान यात्रियोंं व कर्मचारियों को अब अपनी शिकायत लेकर रेलवे के उच्चाधिकारियों के पास नहीं जाना पड़ेगा। गौरतलब है कि सोनीपत रेलवे स्टेशन देश के आधुनिक स्टेशनों में शुमार है। स्टेशन से करीबन 40 से 45 हजार की संख्या में रोजाना यात्री आवागमन करते हैं जिसके चलते स्टेशन को ग्रेड-ए श्रेणी का दर्जा प्राप्त हो गया।
 

परिणामस्वरूप यात्रियों व कर्मचारियों को समस्या का समाधान करवाने के लिए दिल्ली में बैठे उच्चाधिकारियों के पास जाना पड़ता था। ऐसे में यात्रियों व कर्मचारियों को काफी परेशानी होती थी। यात्रियों व कर्मचारियों की परेशानी देखते हुए रेलवे ने समाधान नाम से एंड्रॉयड और आई.ओ.एस. मोबाइल एप नाम से एप लांच की है। समस्या का समाधान करवाने के लिए यात्री व कर्मचारी अब समाधान एप का सहारा लेकर अपनी शिकायत भेज सकते हैं। 

जिम्मेदारी और पारदर्शिता बढ़ेगी
कर्मचारी चार्टर के अनुसार अलग-अलग सेवाओं के लिए समय सीमा तय की गई है। एप के माध्यम से इस बात की निगरानी हो सकेगी कि कर्मचारी की शिकायत या आवेदन का निपटारा निर्धारित समय सीमा में हो रहा है या नहीं। इससे कार्य के प्रति जिम्मेदारी और पारदर्शिता बढ़ेगी। कर्मचारियों में संतुष्टि का स्तर भी बढ़ेगा।समाधान एप के माध्यम से यात्रियों को जहां समय की बचत होगी तो वहीं कई प्रकार की हाईटैक सुविधा भी मिलेगी। 

समाधान एप से मिलेगी महत्वपूर्ण जानकारी
समाधान एप का प्रयोग करने वाले कर्मचारी व यात्री ई-मेल. एस.एम.एस. व व्हाट्सएप सहित अन्य माध्यमों से अपनी शिकायत भेज सकते हैं। इसमें विभिन्न प्रकार की प्रबंधकीय रिपोर्ट भी उपलब्ध है। यही नहीं समाधान एप से समय-समय पर महत्वपूर्ण जानकारी भी मिलती रहेगी। वहीं कर्मचारी इससे चार्टर को लागू करवाने में भी मदद ले सकते हैं।