एस.डी.एम. ने माना : देर रात तक हो रही थी रजिस्ट्रियां, दोषियों पर होगी कार्रवाई

12/2/2017 11:42:30 AM

घरौंडा(टिक्कू):बीते दिनो को तहसील कार्यालय में रात के अंधेरे में चल रही रजिस्ट्री प्रकरण की छानबीन के दूसरे दिन भी कुछ तथ्य सामने आए है। घटनाक्रम की जांच कर रहे एस.डी.एम. मो. इमरान रजा ने माना है कि रात साढ़े 7 बजे तक रजिस्ट्रियां की जा रही थी। एस.डी.एम. के अनुसार पहले 2 दिन की जांच में कुछ तथ्य सामने आए और मामले की गहनता से जांच जारी है। यदि पूरे वाक्या में किसी प्रकार की भी कोताही पाई जाती है तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, वहीं दूसरी ओर मामले का खुलासा होने के बाद पूरे तहसील कार्यालय में सन्नाटा पसरा पड़ा है। एस.डी.एम. मोहम्मद इमरान रजा का कहना है कि बुधवार को तहसीलदार प्रशासनिक कार्यों के लिए कोर्ट में थे और उसी दिन रजिस्ट्री के लिए 44 टोकन वितरित किए गए थे। पहली रजिस्ट्री का कार्य 3 बजे शुरू हुआ था। 

साढ़े 7 बजे तक 37 रजिस्ट्रियां दर्ज हो चुकी थी।SDM मो. इमरान रजा के मुताबिक तहसीलदार ने अपने बाद कानूनगो को रजिस्ट्री करने के लिए अधिकृत किया था। रजिस्ट्रियां करते-करते शाम के साढ़े 7 बजे गए थे। अब सवाल उठता है कि यदि तहसील कार्यालय में इतनी ही ईमानदारी से काम चल रहा था, तो मीडिया का कैमरा देखते ही कर्मचारी अपने कम्प्यूटर बंद करके क्यों खिसक गए, वहीं दूसरी ओर बची हुई 7 रजिस्ट्रियां कब की गई या फिर उन टोकनों को रद्द कर दिया गया। इसका खुलासा तो जांच के बाद ही हो पाएगा। रजिस्ट्री मामले की छानबीन में कुछ तथ्य सामने आए हैं। तहसीलदार बुधवार को अस्वस्थ होने के कारण रजिस्ट्री करने की पावर कानूनगो को देकर चले गए थे। साढ़े 7 बजे तक रजिस्ट्रियां हुई थी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।