अमित शाह की रैली का रोड मैप तैयार

1/21/2018 11:06:29 AM

जींद(ब्यूरो): जींद में 15 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बाइक रैली का रोड मैप शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में तैयार हुआ। इसमें बाइक रैली के रूट से लेकर इसमें शामिल होने वाली बाइक के रजिस्ट्रेशन और रैली को सफल बनाने पर कई घंटे तक गंभीर मंथन हुआ। मंथन में खुद मुख्यमंत्री मनोहरलाल, भाजपा के हरियाणा मामलों के प्रभारी महासचिव डा. अनिल जैन, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह समेत भाजपा के हरियाणा के तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए। 

बाइक रैली में लगभग एक लाख बाइक शामिल की जाएंगी। यह एक लाख बाइक हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों के तमाम बूथों से होंगी। एक बूथ से 5 बाइक लाने का टारगेट कार्यकर्ताओं को दिया गया। रैली को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर हरियाणा सरकार के तमाम मंत्रियों और पूरे संगठन तथा केंद्रीय मंत्रियों तक को जिम्मेदारी दी जाएगी। 

फेरबदल की अटकलें खारिज
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डा. अनिल जैन से जब हरियाणा मंत्रिमंडल और हरियाणा भाजपा के संगठन में बड़े फेरबदल को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगाई जा रही अटकलों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस तरह की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। डा. अनिल जैन ने कहा कि हरियाणा मंत्रिमंडल और हरियाणा भाजपा संगठन में किसी तरह का कोई फेरबदल नहीं किया जा रहा है। रैली के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के 14 जिलों में पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन तथा शेष जिलों में कार्यालयों का शिलान्यास भी करेंगे।