रंजिश के चलते दूधिए पर दागी गोलियां, पीजीआई में तोड़ा दम

12/28/2017 2:22:47 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): लाढौत रोड पर दूधिए को बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार रात को उस समय गोली मार दी जब वह दूध बेचने के लिए रोहतक जा रहा था। राहगीरों ने घायल दूधिए को तुरंत पी.जी.आई. पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डी.एस.पी. गजेंद्र व थाना सदर प्रभारी मंजीत कुमार पी.जी.आई. पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार गांव भैयापुर सोमवीर पुत्र प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई राजेश उर्फ राजू की गांव में डेयरी है। वह शहर में दूध बेचने का काम करता है।हर दिन की तरह वह बुधवार रात करीब 7 बजे दूध बेचने के लिए शहर के लिए निकला था। जब वह लाढौत रोड पर रेलवे फाटक के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोलियां बरसा दी। राजेश को 3 गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पी.जी.आई. पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई सोमवीर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, परिजनों ने गांव के युवक पर हत्या करने का शक भी जाहिर किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पी.जी.आई. डैड हाऊस में रखवा दिया।

गांव के सरपंच संजय ने बताया कि मृतक राजेश 5 भाई हैं। वह दूसरे नम्बर का था। उसने 20-22 साल से डेयरी कर रखी है। उन्होंने बताया कि राजेश अविवाहित था। उसके एक भाई की पहले मौत हो चुकी है। गांव में उसकी किसी से भी कोई रंजिश नहीं थी। वह पूरा दिन डेयरी में काम करता था। सुबह और शाम को वह दूध बेचने के लिए शहर में जाता था। उसके 2 भाइयों की शादी हुई है। 



 रोहतक के डी.एस.पी. गजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द से जल्द आरोपियों का सुराग लगा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

3 दिन में 3 वारदात, एक भी नहीं हुई सोल्व
जिले में 3 दिन में हत्या व हत्या के प्रयास की 3 वारदात हो चुकी हैं। तीनों की वारदात रात के अंधेरे में हुई में हुई। पहली वारदात डेयरी मोहल्ले में सोमवार को घर के बाहर खड़े सुनील उर्फ सोनी पर गोली दाग दी थी। गनीमत यह रही थी कि गोली उसके पैर में लगी। उसके बाद मंगलवार सुबह खरावड़ गांव के धर्मेंद्र का शव भालौठ सब ब्रांच में पड़ा हुआ था। जिसकी तेजधार हथियार से हमलाकर हत्या की गई थी। बुधवार को भी अंधेरा होती ही बदमाशों ने दूध बेचने जा रहे भैयापुर निवासी राजेश उर्फ राजू की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों ही मामले में केस दर्ज कर जांच तो शुरू कर दी है, लेकिन किसी भी मामले में आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।