किसानों से हड़पी 10 लाख की राशि

12/20/2017 1:25:06 PM

जींद(ब्यूरो):छात्तर गांव के दर्जनभर किसानों से एक कंपनी ने पौधे लगाकर अच्छा खासा मुनाफे का झांसा देकर लगभग 10 लाख रुपए हड़प लिए। उचाना थाना पुलिस ने किसानों की शिकायत पर कंपनी समेत 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार छातर गांव के जगदीश समेत दर्जनभर किसानों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले गांव में ग्लोबल प्लांटेशन टैक्रलोजी बैंगलौर की तरफ से पम्फलेट बंटवाए गए थे। इसमें उनकी कंपनी के पौधे लगाए जाने पर अच्छे खासे मुनाफे का झांसा दिया गया था।

 इस पर उन्होंने कंपनी के नरवाना स्थित कार्यालय में संपर्क साधा तो कार्यालय के नुमाइंदे गुरमीत, गौतम, हरपाल ने उन्हें पूरी स्कीम समझाई। जिस पर प्रत्येक किसान ने 40  रुपए प्रति पौधे के हिसाब से एक-एक हजार पौधे खरीदे। कंपनी ने उनके साथ एग्रीमैंट भी किया, जिसमें बताया गया था कि पौधे लगाने के 3 महीने बाद 10 हजार रुपए, 6 महीने बाद एक लाख रुपए, जबकि पौधों के 5 साल तक ठीक रहने पर 14 लाख रुपए देने के बारे में कहा गया था। उन्होंने कैथल से पौधे भी मंगवाए और उन्हें लगाया।

कंपनी ने पहले 3 महीने के दौरान जो चैक दिए वह बाऊंस हो गए। इसके बाद कार्यालय भी बंद हो गया, जिस पर वह कंपनी के बैंगलौर स्थित कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने राशि लौटाने से मना कर दिया। उचाना थाना पुलिस ने जगदीश और अन्य किसानों की शिकायत पर कंपनी के नुमांइदे गुरमीत, गौत्तम, हरपाल को नामजद कर ग्लोबल प्लांटेशन टैक्रलोजी बैंगलौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।