पहले लिया सामान, उसके बाद दुकानदार को घोंपा सुआ

1/21/2018 11:51:36 AM

राई(ब्यूरो): इन्द्रा कालोनी लिवासपुर में एक दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। 3 युवकों ने पहले तो दुकानदार से सामान लिया, उसके बाद उसके पेट में सुआ घोंप दिया। सुआ घोंपने के बाद भी हमलावर उसकी पिटाई करते रहे। आवाज सुन आसपास के लोग एकत्रित हुए जब आरोपी फरार हो चुके थे। घायल को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ  मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव लिवासपुर निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से रामपुर जिला कन्नौर यू.पी. व हॉल में इंद्रा कालोनी लिवासपुर में किराए पर रहता है। 

उसने यहां पर एक किराना की दुकान की हुई है। शुक्रवार रात को तीन युवक उसकी दुकान पर आए। उन्होंने उसे बीड़ी-माचिस देने के लिए कहा। उसने युवकों को बीड़ी माचिस दी। सामान देने के बाद युवक बिन कुछ कहे उसके साथ मार-पिटाई करने लगे। एक युवक ने सुआ निकालकर उसे पेट में मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी होने के बाद भी युवक उसे जमकर पिटते रहे। हालांकि पड़ोसियों को जब चिल्लाने की आवाज आई तो वह घर से बाहर निकले। 

तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल दुकानदार को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, यहां से उसे परिजन निजी अस्पताल में ले गए। बहरहाल घायल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी सुमेर ने बताया कि पुुलिस ने अज्ञात के खिलाफ  मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।