चोरी के बाद मकान पर चोर लगा गए अपना ताला

1/6/2018 3:51:00 PM

भिवानी(ब्यूरो):सैक्टर-13 स्थित एक नेवी के अधिकारी के घर से चोरों ने कीमती सामान व गाड़ी चुराई और उसके बाद मकान पर भी अपना ताला लगा गए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब रात को चोर चोरी की गाड़ी लेकर वापस उसी मकान में आए तो मकान मालिक को खांसी आ गई। खांसते ही चोर चोरी की गाड़ी को मकान में ही छोड़कर फरार हो गए, बाद में पीड़ित ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के लिए रोहतक से फिंगर प्रिंट टीम को बुलाया गया। 

जानकारी के अनुसार सैक्टर-13 निवासी सरदारा सिंह 11 दिसम्बर को अपनी बेटी से मिलने के लिए कोच्ची चला गया। उस वक्त मकान का ताला अच्छी तरह से बंद करके गया था। रात को अकेला ही सरदारा सिंह भिवानी पहुंचा। सैक्टर-13 स्थित अपने मकान के मुख्य गेट का ताला खोलना चाहा तो नहीं खुला। उसने समझा कि ताले की चाबी बदल गई होगी। वह दिवार फांदकर मकान के अंदर घुसा तो सारा सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी के ताले टूटे हुए पाए गए। मकान में खड़ी कार भी गायब मिली। उसने इस बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने सुबह तक इंतजार करने को कहा ताकि रोहतक से ङ्क्षफगर पिं्रट टीम को बुलाया जा सके। सरदारा सिंह ने बताया कि रात को वह अपने मकान के अंदर सो गया। रात को करीब ढाई बजे तक नींद नहीं आई। 3 बजे उसको नींद आ गई। करीब 4 बजे अचानक मुख्य गेट पर आवाज आई। रजाई से मुंह निकाला तो किसी व्यक्ति ने मुख्य गेट का ताला खोला और अंदर एक गाड़ी आकर खड़ी हो गई। सरदारा सिंह ने बताया कि उसी वक्त उसको जोर से खांसी आ गई। खांसते ही युवक चौकन्ने हो गए और दीवार फांदकर आरोपी वहां से फरार हो गए।

सुबह उठकर देखा तो उसी की कार थी। जिसके आरोपी युवक लिए हुए घूम रहे थे। बाद में उसने फिर पुलिस से सम्पर्क साधा। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रोहतक फिंगर प्रिंट टीम की मदद से घर व गाड़ी की जांच की। कुछ जगहों के प्रिंट भी लिए। उसके बाद पुलिस चली गई। सरदारा सिंह ने बताया कि अभी उसको मालूम नहीं कि उसके घर में कितनी राशि की चोरी हुई है। जहां पर भी देखे। उसी जगह पर अलमारी व अन्य चीजों के ताले टूटे हुए है। जांच पड़ताल के बाद ही वे इस बारे में कुछ सही बता पाएंगे।