पत्नी व ससुरालियों से तंग युवक ने खाया जहर, सुसाइड नोट में बताई वजह

12/9/2017 1:50:48 PM

रेवाड़ी(वधवा):पत्नी व ससुरालियों की ओर से लगातार प्रताड़ित किए जाने से दुखी एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। उसने अपने पीछे एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें पत्नी व ससुरालियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। जैसे ही ससुरालियों व पत्नी को जहर खाए जाने का पता चला तो वह घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में राजस्थान जाने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार यह मामला थाना धारूहेड़ा क्षेत्र के सोहना रोड का है। खेड़ला खैरथल राजस्थान निवासी 37 वर्षीय विजय कुमार यादव का विवाह जगताबसई खैरथल निवासी युवती पिंकी यादव के साथ हुआ था। 

विवाह के बाद पिंकी ने अलग रहने की जिद पकड़ी लेकिन विजय गांव में ही रहना चाहता था। आखिर में पिंकी अपने बच्चों के साथ सोहना रोड धारूहेड़ा के एक मकान में रहने लगी। धारूहेड़ा की सैक्टर-6 पुलिस चौकी को किसी ने सूचना दी कि सोहना रोड पर खड़ी एक कार में युवक पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो युवक मृत मिला। कार की जांच-पड़ताल के बाद उसमें युवक का एक सुसाइड नोट मिला। जिससे उसकी पहचान हुई। तत्पश्चात पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस घटना की सूचना देकर बुलाया। मृतक विजय ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपनी पत्नी व ससुरालियों द्वारा लगातार प्रताडि़त किए जाने के कारण मरने को मजबूर है। 

सूचना पाकर यहां पहुंचे मृतक के भाई मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि विजय को पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों ने बहुत दुखी कर रखा था। विजय जब भी बच्चों से मिलने के लिए धारूहेड़ा आता था तो उसकी पिटाई करवाई जाती थी। उसकी पहले भी कई बार पिटाई की जा चुकी थी। इसमें पिंकी के मायके वाले पूरा सहयोग दे रहे थे। धारूहेड़ा पुलिस ने मनोज की शिकायत पर पत्नी पिंकी, ससुर जयसिंह, सास शिक्षा देवी, साला जगत सिंह व मुकेश सैदपुर अटेली के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है। जांचकर्ता लेखराम ने बताया कि विजय के सुसाइड करने के बाद उसकी पत्नी व ससुराल पक्ष के लोग गांव से फरार हैं। सुसाइड नोट के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर मामले की जांच की जा रही है।