जगदीप सिंह की सुरक्षा में लगे 60 जवान, CM की बुलेटप्रूफ गाड़ी में करते हैं सफर

9/17/2017 9:18:08 PM

पंचकूला: साध्वियों से दुष्कर्म मामलों में गुरमीत राम रहीम सिंह को 20 साल की सजा सुनाने वाले पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई अदालत के जज जगदीप सिंह की सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। उन्हे सीएम की बुलेट प्रूफ गाड़ी दी गई है और सिक्युरिटी में 60 जवान लगाए गए हैं। जगदीप सिंह के काफिले में चार से पांच गाडिय़ां चलती हैं। जगदीप सिंह की सिक्युरिटी में लगाए गए 60 सीटीएफ जवानों की टीम को डीएसपी राजेश फोगाट और इंस्पेक्टर जंगशेर सिंह लीड करेंगे। सीबीआई कोर्टरूम के बाहर भी सिक्युरिटी बढ़ाई गई है। 

वहीं सीबीआई के वकील एचपीएस वर्मा को भी सरकार की तरफ से सिक्युरिटी दी गई है। पंचकूला के डीसीपी मनबीर सिंह के मुताबिक, शनिवार को राजस्थान के उदयपुर से प्रदीप गोयल इंसां को अरेस्ट किया गया। वो हरियाणा का ही रहने वाला है। पुलिस उसे पंचकूला ले आई है। पिंजौर से विजय को अरेस्ट किया गया। इस पर भी पंचकूला में हिंसा भड़काने का आरोप है। रविवार को पुलिस ने मोहाली से प्रकाश उर्फ विक्की नामक शख्स को भी अरेस्ट किया है, जो हिंसा भड़काने और देशद्रोह के मामले में आरोपी डेरे के स्पोक्सपर्सन आदित्य इंसां का साला है।