तिहाड़ जेल से बाहर आए अजय चौटाला, बेटे दुष्यंत की ताजपोशी में होंगे शामिल

10/27/2019 10:12:17 AM

नेशनल डेस्कः जननायक जनता पार्टी (जजपा) के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला रविवार को दिवाली पर तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। तिहाड़ जेल प्रशासन ने उन्हें 2 हफ्ते की फर्लो दी है। मिली जानकारी के अनुसार अजय चौटाला अपने बेटे दुष्यंत चौटाला के उपमुख्यमंत्री पद से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी करार दिए गए अजय चौटाला तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को देर शाम भाजपा और जजपा ने साथ मिलकर हरियाणा में सरकार बनाने का फैसला किया था। दुष्यंत चौटाला के भाजपा को गठबंधन ऐलान के कुछ ही घंटों बाद उनके पिता को तिहाड़ जेल से 2 हफ्ते की फर्लो मंजूर हो गई, जिसके बाद वह रविवार सुबह जेल से बाहर आ गए।


क्या होती है फर्लो
जेल में बंद अच्छे व्यवहार करने वाले कैदी को कानूनी तौर पर एक साल में 49 दिनों की फर्लो के लिए अनुमति दी जाती है। अजय चौटाला ने फरलो के अपने बचे हुए दिनों में से 14 दिन की मांग की थी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने फर्लो देने की अनुमति दे दी।

 

Seema Sharma