असल ठिकाने पहुंची हत्यारिन बीवी, इश्कबाजी के चलते की थी शौहर की हत्या (VIDEO)

10/22/2018 5:55:42 PM

पलवल (गुरुदत्त गर्ग): करीब छ: महीने पहले हुए एक व्यक्ति के मर्डर के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी हत्यारिन पत्नी को जेल पहुंचा दिया है। घटना हरियाणा के पलवल जिले के चांदहट थाना क्षेत्र की है, जिसमें इसी साल के अप्रैल महीने में झुप्पा गांव के रहने वाले कश्मीर सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। कश्मीर सिंह की मौत के बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने खोजबीन की। अंतत: छ: महीने बाद पुलिस असलियत तक पहुंची, जिसमें खुलासा हुआ कि कश्मीर सिंह की पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी।



जानकारी के मुताबिक, गत 29 अप्रैल 2018 को मृतक की मां रानी बाई पत्नी स्वर्गीय गुरदीप सिंह की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके अनुसार अभियोग संख्या 150 में धारा 302, 34 का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी मृतक कश्मीर सिंह की पत्नी कृष्णा और उसका प्रेमी जीत सिंह बनाए गए थे। कृष्णा का प्रेमी जीत सिंह भी झुपा का ही रहने वाला है, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।



पुलिस के मुताबिक, कृष्णा ने अपने प्रेमी जीत सिंह के साथ मिलकर अपने पति कश्मीर पुत्र गुरदीप को मारने की योजना बनायी। योजना के मुताबिक, परिवार के अन्य सदस्यों को नींद की गोलियां देकर सुला दिया गया। उसके बाद पति कश्मीर का मुंह दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी जीत सिंह को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं कृष्णा को भी बीते रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

Shivam