VIDEO: प्रद्युम्न मर्डर केस: पुलिस व रेयान स्कूल के खिलाफ मानहानि का केस करेगा आरोपी अशोक

11/10/2017 12:03:12 PM

गुरुग्राम(ब्यूरो): प्रद्युम्न मर्डर मामले में रेयान स्कूल में पढ़ने वाले 11वीं के छात्र की गिरफ्तारी के बाद नया मोड़ आ गया है। सीबीआई ने मर्डर मामले में पहले पकड़े कंडक्टर अशोक को क्लीन चिट दे दी है। अब अशोक कुमार के परिवार ने उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करवाने का निर्णय किया है जिन्होंने उसे फंसाया था। इस सबके बाद गुरुग्राम पुलिस व रेयान स्कूल पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। इस मामले में आरोपी अशोक के वकील मोहित वर्मा ने भी अब पुलिस व स्कूल के खिलाफ मानहानि का केस करने का मन बना लिया है। अब वे इंतजार कर रहे हैं कि कब सीबीआई इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट दायर करती है। 

अशोक के वकील मोहित वर्मा ने बताया कि वे तो पहले ही कह रहे थे कि अशोक बे गुनाह है। पुलिस ने मारपीट कर उससे जबरदस्ती हां करवाई थी। जिस सीसीटीवी को पुलिस धुंधला बता कर छुपा रही थी, उसकी जांच के बाद सीबीआई ने 11वीं कक्षा के छात्र को इस हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। अब वे सबसे पहले अशोक को जेल से बाहर निकालने के लिए जमानत लगाएंगे। उसके बाद सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट का इंतजार करेंगे और उसके बाद गुरुग्राम पुलिस व स्कूल के खिलाफ मानहानि का दावा पेश करेंगे।

अशोक के पिता अमीरचंद ने बताया, ‘‘यह अब लगभग स्पष्ट हो चुका है कि मेरे बेटे अशोक को फंसाया गया और बलि का बकरा बनाया गया। उन्होंने गुडगांव पुलिस के विशेष जांच दल के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कराने का निर्णय किया है। इन अधिकारियों ने उसे फंसाया और मीडिया के समक्ष अपराध स्वीकार करने के लिए टार्चर किया तथा नशे का डोज दिया।’’ अमीर ने कहा कि उनके परिवार ने केस दर्ज करने के लिए गांववालो से आर्थिक सहायता मांगी है।  

विपक्षी दल ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर पुलिस जांच में नाकामी के लिए हमला बोला है।  पूर्ववर्ती हुडा सरकार के मंत्री अजय यादव ने तीन डीसीपी तथा विशेष जांच दल के सदस्यों के खिलाफ गहन जांच की मांग की है जिसने कंडक्टर को बलि का बकरा बनाया था।  हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने बताया कि यह खट्टर सरकार की विफलता है।