लोकसभा चुनाव पर नहीं होगा तीन राज्यों के चुनाव परिणामों का असर: भाजपा

12/12/2018 9:28:08 PM

जींद(ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष सुभाष बराला ने आज कहा कि हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों का अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में कोई असर नहीं होगा। बराला ने उचाना में पत्रकारों से बातचीत में एक सवाल पर यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। 



उन्होंने कहा कि विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में अलग मुद्दे होते हैं तथा मतदाता इन्हीं मुद्दों के आधार पर मतदान करते हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गत पंद्रह सालों से  भाजपा की सरकारें थी। कांग्रेस को मध्यप्रदेश जैसे बड़े राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल नहीं हुआ है, तथा इतने साल के शासनकाल के बाद भी वहां किसी तरह की सत्ता विरोधी लहर नजर न आने से साफ है कि भाजपा की लोकप्रियता बरकरार है। राजस्थान विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि वहां जनता परिवर्तन के लिए वोट देती रही है लेकिन वहां भी भाजपा ने कांग्रेस को टक्कर दी है।



प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने नौकरियों से लेकर तबादला नीति तक को पारदर्शी बनाया है। भ्रष्टाचार समाप्त करने का काम किया है। आम आदमी के लिए सेवाएं ऑनलाइन की गई ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुये कहा कि उसके पास कोई मुद्दा नहीं है। एसवाईएल नहर के नाम पर यात्रा निकालने वालों के झांसे में लोग नहीं आएंगे।

Shivam