राफेल मामले को लेकर प्रदेश भर में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ किया धरना-प्रदर्शन

punjabkesari.in Saturday, Nov 16, 2019 - 04:15 PM (IST)

ब्यूरो: सुप्रीम कोर्ट द्वारा राफेल मामले में याचिका रद्द होने के बाद भाजपा इस बहुचर्चित मामले में हमलावर हो गई है। भाजपा ने देशभर में एक दिन का सांकेतिक धरना दिया, इसी कड़ी में आज हरियाणा प्रदेश में भी विभिन्न जिलों में धरना दिया गया। भाजपा नेताओं का कहना है कि राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से पूरी तरह क्लीन चिट मिल गई है, इसलिए राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

इस विरोध प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ की राजनीति की और राफेल के मुद्दे पर देश भर में जनता को भ्रमित किया। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठ की राजनीति पसंद नहीं करती है, इसलिए आज भाजपा पूरे देश भर में कांग्रेस के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रही है।

करनाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद संजय भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी को और सोनिया गांधी को इसके साथ पूरी कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। देश के सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मामले को लेकर पूरी तरह क्लीन चिट दे दी है और विपक्ष के लोग लगातार इसी मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते रहे थे, अब उनको इस पर माफी मांगनी चाहिए।

PunjabKesari, Haryana

भाटिया ने कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला पर तंज कसते हुए कहा कि रणदीप पहले जींद का उपचुनाव हार गए हैं और अब कैथल से भी जनता ने उसको नहीं स्वीकार किया वह तो मुख्यमंत्री का सपना दे देख रहे थे वह खत्म हो गया है।

पूर्व विधायकों ने बनाई जिला भाजपा के कार्यक्रम से दूरी
भाजपा ने प्रदेश भर में सांकेतिक धरनों का आयोजन तो किया लेकिन इस धरने ने गुरुग्राम में भाजपा में चल रही उठापटक को सार्वजनिक जरूर कर दिया। दरअसल जिला भाजपा के इस धरने में न तो मौजूदा विधायक ही पहुंचे और न ही भाजपा के दिग्गज रहे पूर्व मंत्री व विधायक ही सांकेतिक धरने में पहुंचे, जिसके चलते धरना सथल पर ही असमंजस की स्थिति जरूर बनी रही।

PunjabKesari, Haryana

पलवल विधायक दीपक मंगला ने कहा कि अब जब उच्च न्यायालय द्वारा राफेल डील को क्लीन चिट देने पर कांग्रेस पार्टी को देश से माफी मांग कर अपनी गलती माननी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी राजनीति करती है। सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है राफेल लड़ाकू जहाजों के आने से भारत की ताकत में आमूल चूल इजाफा होगा और भारत की वायु सेना की पेशेवर क्षमता में गुणात्मक बढ़ोत्तरी होगी।

PunjabKesari, haryana

फतेहाबाद में फूंका राहुल गांधी का पुतला
उधर, फतेहाबाद जिले में भाजपाईयों ने राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया व उनका पुतला फूंका। भाजपा ने राहुल गांधी से इस मामले में देश भर से माफी मांगने की बात कही। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के जिला प्रधान वेद फूलां ने किया। फूलां ने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार याचिका दायर की थी, जिसे फिर से कोर्ट ने रद्द कर दिया है। जिससे कांग्रेस व राहुल गांधी का झूठ देश के सामने आ गया है और अब राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static