LIVE : नूंह में ब्रजमंडल यात्रा आज, स्कूल-बैंक बंद...मंदिर में जलाभिषेक की मिली अनुमति, 10-15 साधु ही जा सकेंगे
punjabkesari.in Monday, Aug 28, 2023 - 11:07 AM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के आह्वान पर आज सुबह 11 बजे दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकाली जा रही है। हरियाणा सरकार और नूंह जिला प्रशासन ने इस यात्रा के लिए परमिशन नहीं दी थी।
हालांकि, सोमवार सुबह प्रशासन ने नल्हड़ मंदिर में जलाभिषेक के लिए 10-15 साधु संतों को जाने की अनुमति दे दी है। पुलिस के पास इन साधु-संतों की लिस्ट है। इनके अलावा हिंदू संगठन के भी 13 लोगों को परमिशन मिली है। 31 जुलाई को ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। जिसमें होमगार्ड सहित 6 लोगों की मौत हुई थी।
नूंह ब्रजमंडल यात्रा से जुड़े अपडेट्स
हरियाणा पुलिस ने नूंह में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों का दावा किया है। संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। जिले की सारी सीमाएं 27 अगस्त से ही सील की जा चुकी हैं। हरियाणा से लगने वाली दिल्ली, राजस्थान और UP बॉर्डर भी सील हैं। जिले की सीमाओं पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री के जवान तैनात हैं जो आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की तलाशी ले रहे हैं।
वहीं, नूंह के स्कूल-कॉलेज, बैंक और दूसरे तमाम ऑफिस भी बंद हैं। सरकार ने मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाओं पर भी आज रात 12 बजे तक के लिए बैन लगा रखा है।