हरियाणा ने कोरोना वायरस को घोषित किया 'महामारी', ऐसा करने वाला भारत का पहला राज्य

3/12/2020 4:55:41 PM

चंडीगढ़(धरणी)- पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण पर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चिंता व्यक्त की है। कोरोना वायरस का असर हिंदुस्तान में बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अबतक भारत में इस वायरस के 60 केस सामने आ गए हैं। इसी खतरे को देखते हुए हरियाणा ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया है। हरियाणा भारत का पहला राज्य है जिसने इसे महामारी घोषित किया है।

 


अनिल विज ने किया ऐलान
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को ट्विटर पर इसका ऐलान किया। ट्विटर पर अनिल विज ने लोगों से सार्वजनिक सभाओं में शामिल होने, एक जगह अधिक मात्रा में इकट्ठा होने से मना किया है। बता दें कि बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया था। बता दें कि हरियाणा में अबतक कोरोना वायरस के कुल 14 केस सामने आए हैं।

भारत में आंकड़ा पहुंचा 60 तक
गौर रहे कि  भारत में कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। भारत सरकार के आंकड़े के मुताबिक, बुधवार शाम तक ये आंकड़ा 60 तक था। बुधवार को महाराष्ट्र में कई नए मामले सामने आए हैं। इसी के बाद से ही देश में सतर्कता बरती जा रही है, लगातार लोगों को जानकारी दी जा रही है।  हरियाणा में इटली से आया एक टूरिस्ट ग्रुप कोरोना वायरस से संक्रमित था, जिसे गुरुग्राम में भर्ती कराया गया है, ये ग्रुप अभी मेदांता अस्पताल में भर्ती है।

 

Isha