95 % हासिल कर आगे की पढ़ाई की तैयारी में था, तभी हुआ दर्दनाक हादसा...नहीं लौटा घर

6/8/2017 1:14:47 PM

यमुनानगर:हर इंसान अपने जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को पाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। लेकिन कई बार भाग्य उसका साथ नहीं देता। ऐसा ही कुछ यमुनानहर के रहने वाले पंकज के साथ हुआ। वह 12वीं में 95 % हासिल करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए तैयारी कर रहा था, लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी किस्मत को कुछ अोर ही मंजूर था। दरअसल, पढ़ाई में अव्वल रहने वाला छात्र अपनी 2 बहनों के साथ अपनी रिश्तेदारी में बच्चे के जन्मदिन पर आयोजित जागरण समारोह में भाग लेने जा रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भाई और छोटी बहन की मौके पर मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन ने सुबह पीजीआई में दम तोड़ दिया।

मृतकों के चाचा जय कुमार का कहना है कि उसके भाई राजेंद्र कश्यप के 4 बच्चे थे। जिनमें 2 लड़के और 2 लड़कियां थीं। 3 भाई बहनों की हादसे में मौत हो गई, जिसके बाद बड़ा बेटा अजय कुमार उनका आखिरी सहारा है। राजिंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के नाम बेटा पंकज (20), बहन आशा (18) और मोना (16) बताएं जा रहे है। 

इस हादसे का पता चलते ही पूरे गांव में शोक की लहर है। घर पर आए रिश्तेदारों का कहना है कि   पंकज और उसके बहनों ने कभी नही सोचा होगा कि वो कभी घर लौट कर नही आएंगे। इस हादसे के बाद गांव के सरपंच विक्रम भी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। 

वहीं इस घटना को अंजाम देकर ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है। थाना छप्पर के एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि उन्हें जैसे ही सूचना मिली वो मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने  फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है और शवों का पोस्टमार्टम करवाया लिया गया है।