जल्द घोड़ी चढ़ने वाले हैं देश के यंग MP, शाही शादी में आएंगे 1 लाख से ज्यादा मेहमान (Pics)

4/1/2017 12:21:26 PM

सिरसा (सतनाम सिंह):देश के सबसे युवा सांसद दुष्यंत चौटाला अब शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इसी 18 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला की गुरुग्राम में रहने वाली मेघना अहलावत के साथ शादी होगी। इसी शादी को खास बनाने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शादी की सारी व्यवस्थाओं की कमान खुद दिग्विजय चौटाला संभाल रहे हैं। 

11 को चौटाला गांव में होगा सामूहिक भोज 
पहला कार्यक्रम 11 अप्रैल को गांव चौटाला में होगा जहां से स्टेडियम में तैयारियां चल रही है। इसके बाद 13 अप्रैल को एक बड़ा आयोजन दोपहर भोज सिरसा की चौधरी देवीलाल विद्यापीठ में होगा, जहां 1 लाख से अधिक मेहमान आएंगे। 18 अप्रैल को शादी का कार्यक्रम गुरुग्राम में होगा, जो पारिवारिक कार्यक्रम होगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि परिवार में खुशी का माहौल है। अभय चौटाला के बाद परिवार की पहली शादी है। सभी तैयारियां की जा रही है। शादी समारोह में इनेलो परिवार और VIP शिरकत करेंगे।

3 जनवरी को हुई थी रिंग सैरेमनी
गौरतलब है कि 3 जनवरी को बेहद सादे कार्यक्रम में गुड़गांव के एक होटल में रिंग सैरेमनी हुई थी। इस मौके पर होटल में केवल चौटाला और अहलावत फैमिली के करीब 40-45 मेंबर ही शामिल हुए थे। इस दौरान पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला और पूर्व सांसद अजय सिंह चौटाला भी एक दिन की पैरोल लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। 

26 साल की उम्र में बने थे सांसद 
दुष्यंत चौटाला इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सांसद हैं। वे 2014 लोकसभा चुनाव में हरियाणा के हिसार से जीते। वे 26 साल की उम्र में वे सांसद बन गए थे। अभी उनकी उम्र 29 साल (3 अप्रैल को) होने को है। दुष्यंत अजय चौटाला के बेटे हैं। अजय इस समय जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की सजा काट रहे हैं। दुष्यंत की मां नैना सिंह चौटाला, हरियाणा के डबवाली विधानसभा से मौजूदा विधायक हैं। दुष्यंत के एक छोटे भाई हैं दिग्विजय चौटाला, जो इस समय इनेलो का यूथ विंग संभाल रहे हैं। इस समय ओमप्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी को संभाल रहे हैं।