सूरजकुंड मेले का आगाज, 28 देशों की प्रस्तुतियों के साथ लगेगा हरियाणा के जायके का तड़का(Video)

2/2/2018 1:12:47 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): शिल्प और कला का अंतरराष्ट्रीय संगम कहे जाने वाले सूरजकुंड मेले का आगाज आज से हो गया है। 32 वें सूरजकुंड मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। वहीं समारोह की अध्यक्षता हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की। मेले में इस बार उत्तर प्रदेश थीम राज्य होगा और किर्गिस्तान सहयाेगी देश के तौर पर हिस्सा ले रहा है। पूरे मेले को उत्तर प्रदेश की संस्कृति से रंगा गया है।

मेले में 28 देश लेंगे हिस्सा
इस वर्ष 1100 से ज्यादा शिल्पकारों को आमंत्रित किया गया है। पिछले वर्ष यह संख्या 1008 थी। इस बार 28 देश भागीदारी देंगे, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 23 थी। इस वर्ष 14 देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

शिल्पकार और लोक कलाकार देंगे अलग-अलग संस्कृति का परिचय
मेेले में विभिन्न देशों के कलाकार नृत्य व गायन से रंग जमाएंगे, वहीं थीम स्टेट उत्तर प्रदेश की विविध कलाओं का प्रदर्शन होगा। मेले में 800 से अधिक शिल्पकार और 500 लोक कलाकार अलग-अलग संस्कृति का परिचय देंगे, जबकि कंट्री पार्टनर किर्गिस्तान के 3 कल्चरल ग्रुप मेले में अपनी संस्कृति को पेश करेंगे। 

पर्यटकों को मिलेगा हरियाणवी व्यंजनों का स्वाद
मेले में आने वाले पर्यटकों को पहली बार हरियाणवी व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। हरियाणा के उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री के प्रयासों से फूड कोर्ट में तैयार हरियाणवी रसोई का शुभारंभ मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। इस हरियाणवी रसोई में हरियाणा के हर एक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। हरियाणा रसोई में बाजरे और मेथी की रोटी, टिकडे, बाजरे की खिचड़ी, दलिया, कचरी की चटनी, शक्कर रोटी, खांड रोटी, शक्कर वाली खीर का लोग आनंद ले पाएंगे। इसके साथ ही चना, सरसों ,बथुए का साग, पीली दाल, चूरमा और ग्वार की फली की सब्जी, पापड़ की सब्जी, बड़ी का साग, कढ़ी, हरियाणवी खट्टी रबड़ी और लस्सी का भी लुत्फ उठाने को मिलेगा। 

सुरक्षा में पुख्ता इंतजाम
मेले में सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 7 जोन पर 1500 पुलसि कर्मी तैनात रहेंगे। मेले में चार एसीपी कमान संभालेंगे। मनचलों पर नजर रखने के लिए महिला रैपिड एक्शन फोर्स, स्वेट कमांडो व सिविल कपड़ों में पुलिस तैनात रहेगी।