यमुना में बाढ़: प्रशासन से नाराज ग्रामीणों ने कहा- डूब मरेंगे लेकिन गांव नहीं खाली करेंगे (VIDEO)

8/19/2019 8:45:09 PM

सोनीपत (पवन राठी): कई दिन से पहाड़ों में हो रही बारिश ने हाहाकार मचा रखा है। हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में आठ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है, जिससे मैदानी इलाकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। सोनीपत जिले में यमुना नदी के इलाकों को खाली करने के आदेश प्रशासन ने जारी कर दिए, लेकिन कई गांवों के ग्रामीण गांव खाली करने को राजी नहीं हुए, जिसके बाद प्रसाशन में खलबली मच गई।



यमुना में सटे इलाकों को खाली कराने के आदेश पर ग्रामीणों का कहना है कि वे डूब कर मर जाएंगे, लेकिन गांव खाली नहीं करेंगे। क्योंकि उन्हें प्रशासन की तरफ से कोई सुविधा नहीं मिल रही है। वहीं टोंकी गांव लोगों ने गांव खाली नहीं किया तो पुलिस ने जबरदस्ती खाली करवाया।



ग्रामीणों ने रोते हुए बताया कि हमें हर बार ये बोल कर हमारे घरों से दूर किया जाता है कि हम तुमको सुविधा देंगे लेकिन सुविधा दूर दूर तक नजर नहीं आती।



उधर, सोनीपत उपायुक्त अंशज सिंह ने बताया कि सोनीपत में यमुना दायरे में आने वाले इलाका 22 किलोमीटर का है, जिसमें आने वाले कई गांवों को खाली करा लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, राहत शिविरों में डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रहेगी। हथिनीकुंड का पानी आज देर रात लगभग 11 बजे के आसपास सोनीपत पहुंच सकता है, जिस कारण ग्रामीण इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

 

Shivam