शिमला से भयंकर पड़ रही हरियाणा में ठंड, पारा पहुंचा -0.1 डिग्री सैल्सियस

12/29/2019 12:28:08 PM

हिसार: हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने जिंदगी की रफ्तार को रोक दिया है। बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों के अंदर कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। बढ़ती ठंड ने शिमला को भी पछाड़ दिया है। 2 दिनों से हिसार में शिमला से ज्यादा भयंकर ठंड पड़ रही है। रात्रि पारा माइनस से नीचे पहुंचने से खेतों में पाले की परतें जम गई हैं। पाला पडऩे से फसलों पर असर पड़ रहा है।  यही नहीं कड़ाके की ठंड में जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित होकर रह गया।



सर्द हवाओं से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं लेकिन राहत नहीं मिल रही है। हालांकि दोपहर का मौसम साफ रहा लेकिन राहत नहीं मिली। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग द्वारा दर्ज आंकड़ों के अनुसार मैदानी क्षेत्र में रात्रि पारा -0.1 डिग्री सैल्सियस रहा। यह पारा सामान्य से 7 डिग्री सैल्सियस नीचे है। हालांकि शहरी क्षेत्र में तापमान में थोड़ा सुधार था। शहरी क्षेत्र में 0.2 डिग्री सैल्सियस रहा।

दोपहर का पारा सामान्य से 10 डिग्री सैल्सियस नीचे 10.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार इस सर्द मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग की मानें तो अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। वहीं ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। साथ ही लोग पूरा दिन गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। इसके बावजूद भी लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिल पा रही थी।


यह रहेगी मौसम की स्थिति
कृवि कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डा. मदन लाल खिचड़ के अनुसार उत्तर पश्चिमी हवाएं 29-30 दिसम्बर तक चलने की संभावना है। इससे रात्रि तापमान में गिरावट बनी रहेगी। 30 दिसम्बर से हवा में बदलाव आएगा। 31 दिसम्बर देर रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल सकता है।



गति पर लगी ब्रेक 
कड़ाके की ठंड का असर रेल व सड़क यातायात पर देखने को मिल रहा है। वहीं टे्रनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची। गोरखधाम एक्सप्रैस करीब 2 घंटे देरी से हिसार पहुंची। हिसार-जयपुर टे्रन सहित अन्य टे्रनें भी निर्धारित समय से लेट पहुंची। वहीं हाईवे पर वाहनों की गति पर ब्रेक लग गई है। सुबह के समय धुंध होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। 

Isha