शादी के मंडप पर दूल्हे ने दहेज में मांगी कार, पुलिस ने किया गिरफ्तार (Pics)

2/24/2017 1:41:20 PM

करनाल (कमल मिड्ढा):करनाल के असंध में बीती रात कैथल मार्ग पर स्थित एक मैरिज पैलेस में उस वक्त हंगामा हुआ, जब दुल्हे ने ज्यादा रकम की मांग करते हुए दहेज में दिए 4 लाख के चैक को फाड़कर दुल्हन के भाई के मुंह पर दे मारा। कुछ समय तक तो वधू पक्ष सन्न रह गए और बाद में दूल्हे सहित उसके रिश्तेदारों को पैलेस में ही रोक लिया गया और दुल्हन ने दुल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस बुलाई गई और पुलिस ने दूल्हे व उसके जीजे सहित 4 के खिलाफ मामला दर्ज कर दुल्हे को मौके से गिरफ्तार कर लिया। 
असन्ध थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव बस्सी निवासी पंजाब सिंह की लड़की की शादी पिहोवा के गांव मैसी निवासी पंजाब सिंह के साथ तय हुई थी। वधू पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार बारात की खूब आवभगत की व स्वर्ण आभूषणों सहित अन्य सामान दहेज में दिया। विदाई के वक्त दुल्हे ने बड़ी कार की मांग कर दी। ऐन मौके पर कार उपलब्ध न होने की वजह से वधू के भाई ने 4 लाख का चैक काटकर दूल्हे को भेंट किया। दूल्हे ने रकम को नाकाफी बताते हुए चैक को मौके पर ही फाड़ दिया और वधू के भाई के मुंह पर दे मारा। अचानक दूल्हे द्वारा की गई इस हरकत से वहां मौजुद लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते पैलेस में हंगाम बरपा गया। वहीं, दुल्हन ने दुल्हे के साथ जाने से मना कर दिया गया और मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस दुल्हे व उसके जीजा का थाने में ले आई, थाने के बाहर लोगों का हजूम लग गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसी भी अप्रिय घटना को होने से बचा लिया। बाद में लड़की के पिता पंजाब सिंह की शिकायत पर दूल्हे पंजाब सिंह,उसकी मां,बहन व जीजा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दुल्हे को गिरफ्तार कर दिया।