UP से फरीदाबाद शादी करने आए 31 दूल्हों के अरमानों पर फिरा पानी, जानिए वजह

1/15/2017 2:39:20 PM

फरीदाबाद (देवेंद्र कौशिक): शादी की चाहत किसको नहीं होती, एेसी ही उम्मीद लगाए उत्तर प्रदेश से आए 31 दुल्हें भी हैं, जिन्हें उस समय झटका लगा, जब उन्हें सामूहिक विवाह सम्मेलन में न तो कोई आयोजन मिला और न ही कोई दुल्हन। ये सब देख दूल्हों के परिजनों के होश उड़ गए। 

शादी के नाम पर वसूले गए थे 40,000 रुपए
मिली जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ में दशहरा मैदान में पहुंचे सभी दूल्हों से सामूहिक विवाह के नाम पर 40,000 रुपए वसूले गए थे, जो अब खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। 

* यूपी से हरियाणा के फरीदाबाद आए मुस्तफा श्रीवास्तव ने बताया कि वे इटावा जिले के रहने वाले हैं। मेरठ की भारतीय दहेज उन्मूलन संस्था भारत ने उनसे 40 हजार रुपए शादी के लिए वसूले थे। यहां सामूहिक विवाह होना था लेकिन पहुंचकर देखा तो दशहरा मैदान में कोई आयोजन नहीं था। मैदान खाली पड़ा था और वहां कोई आयोजक नहीं था। इसी तरह 31 दूल्हे यहां अपने परिवारों के साथ पहुंचे लेकिन आयोजक फरार मिले। इसके बाद वे सभी थाने पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि उन्होंने यूपी के अलग-अलग जिलों में सामूहिक विवाह की पर्ची कटवाई है ऐसे में वे वहीं शिकायत देंगे। उन्होंने संस्था के दो लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।