CAA को लेकर परिणिति ने किया ट्वीट, हरियाणा सरकार ने कहा- अब हमारी ब्रांड अंबेसडर नहीं

punjabkesari.in Thursday, Dec 19, 2019 - 03:38 PM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड अंबेसडर परिणिति चोपड़ा के नागरिकता संशोधन बिल पर आए ट्वीट के बाद सरकार ने उनसे पल्ला झाड़ लिया है। इस ट्वीट के बाद हरियाणा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रोजेक्ट डायरेक्टर योगेंद्र मलिक से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आप बहुत पुरानी बात कर रहे हैं। जहां तक मेरी जानकारी है और मैं इस विभाग को देख रहा हूं, अब परिणिति चोपड़ा हमारी ब्रांड अंबेसडर नहीं है। हालांकि कोई यह नहीं बता रहा कि परिणिति को हटाया कब गया।

परिणिति के जिस ट्वीट पर बवाल हो रहा है, उसमें उन्होंने नागरिकता संशोधन बिल के विरोध और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में ट्वीट कर बल प्रयोग को बर्बर तक बता दिया है। दूसरी तरफ उन्हें ब्रांड अंबेसडर बनाने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने के हिमायती हैं। परिणिति का ट्वीट सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है और इस पर व्यापक बहस छिड़ी हुई है।

परिणिति को सरकार ने 2015 में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड अंबेसडर बनाया था। तब तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने परिणिति को नामित करने का खुला विरोध किया था। परिणिति को उस समय ब्रांड अंबेसडर बनाने पर कई भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी।

लिखा, देश को लोकतांत्रिक कहना छोड़ दें
फिल्म अभिनेत्री परिणिति ने अपने ट्वीट में लिखा है कि अगर नागरिकों द्वारा अपने विचार व्यक्त करने से हर बार यही होता रहे तो कैब को भूल जाइये। हमें एक बिलपास करना चाहिए और अपने देश को लोकतांत्रिक देश कहना छोड़ देना चाहिए। अपने मन की बात कहने के लिए निर्दोष लोगों की पिटाई की जा रही है? यह बर्बर है।

जजपा चुप क्यों है?
वहीं परिणिति चोपड़ा को ब्रांड अंबेसडर हटाए जाने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सीएम मनोहर के साथ जजपा पर हमला बोला है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि खट्टर साहब हरियाणा की बेटियां पढ़ी लिखी भी हैं, समझदार भी और अपने विचार व्यक्त करने का साहस रखने वाली भी। उन्हें ब्रांड ऐम्बैसडर से हटा कर और बोखला कर आप उनकी आवाज नहीं दबा सकते। और जजपा चुप क्यों है? कितनों की आवाज दबाओगे और आखिर कब तक?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Related News

static