''स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2019 पुरस्कार’ के अंतर्गत उत्तरी क्षेत्र में हरियाणा प्रथम

11/20/2019 12:06:55 AM

चंडीगढ (धरणी): ‘स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2019 पुरस्कार’ के अंतर्गत केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा उत्तरी क्षेत्र में हरियाणा को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। जिला श्रेणी पुरस्कारों में हरियाणा के फरीदाबाद को प्रथम, रेवाड़ी को द्वितीय व महेन्द्रगढ़ को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा ‘विश्व शौचालय दिवस’ पर नई दिल्ली में प्रवासी भारतीय केंद्र में आयोजित ‘स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2019 पुरस्कार’ वितरण समारोह में केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री डी.वी.सदानंद गौडा व केंद्रीय जल शकि राज्य मंत्री रत्नलाल कटारिया ने उक्त पुरस्कार प्रदान किए। 

राज्य पुरस्कार श्रेणी में उतरी क्षेत्र में हरियाणा राज्य को प्रदान किया गया प्रथम पुरस्कार फरीदाबाद के उपायुक्त डॉ0 अतुल कुमार, रेवाड़ी के उपायुक्त यशेंद्र सिंह व महेन्द्रगढ़ के उपायुक्त जगदीश शर्मा ने सामूहिक रूप से हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल की ओर से प्राप्त किया। जिला श्रेणी पुरस्कारों में फरीदाबाद के उपायुक्त डॉ अतुल कुमार, रेवाड़ी के उपायुक्त यशेंद्र सिंह व महेन्द्रगढ़ के उपायुक्त जगदीश शर्मा ने क्रमश: फरीदाबाद का प्रथम, रेवाड़ी का द्वितीय व महेन्द्रगढ़ का तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय उर्वरक एंव रसायन मंत्री डी.वी. सदानंद गौडा व केंद्रीय जल शकि राज्य मंत्री रत्नलाल कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ अभियान की संपूर्ण विश्व में प्रशंसा हो रही है। ‘स्वच्छ भारत’ अभियान एक जनांदोलन बन चुका है।

उल्लेखनीय हैं कि ‘स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2019 पुरस्कार’ के अतंर्गत राज्य श्रेणी पुरस्कारों में 05 राज्यों व 01 केंद्र शासित प्रदेश को प्रथम पुरस्कार, 05 राज्यों व 01 केंद्र शासित प्रदेश को द्वितीय पुरस्कार तथा 05 राज्यों व 01 केंद्र शासित प्रदेश को तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। जिला श्रेणी पुरस्कारों में राज्यों के 05 जिलों व 01 केंद्र शासित प्रदेश के 01 जिले को प्रथम पुरस्कार,राज्यों के 05 जिलों व 01 केंद्र शासित प्रदेश के 01 जिले को द्वितीय पुरस्कार तथा राज्यों के 05 जिलों व 01 केंद्र शासित प्रदेश के 01 जिले को तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

Shivam