दिल्ली पहुंचा हथिनीकुंड बैराज का पानी, उफान पर यमुना, अलर्ट जारी

8/16/2019 5:12:35 PM

नई दिल्ली: यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंच गया है, जिसके चलते दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। जिसके चलते दिल्ली प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने यमुना नदी के किनारे वाले इलाकावासियों को सतर्क रहने को कहा है। हालांकि अभी यमुना नदी का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे ही है, जिससे ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है।



बता दें कि पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश से यमुना नदी के बढ़े जलस्तर के कारण हर साल की तरह इस बार भी 14 अगस्त को हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से तकरीबन एक लाख 43 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया था। कैचमेन्ट एरिया में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी उफान पर चल रही है।



यमुना के जलस्तर में तेजी के बाद भारतीय रेलवे भी कई पैसेंजर और सुपर फास्ट ट्रेनों के रूटों में परिवर्तित कर सकती है। दिल्ली सरकार भी निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजने का काम कर रही है।

Shivam