LIVE: बड़ा खुलासा, राम रहीम की गुफा में मिला साध्वियों के कमरे तक जाने वाला गुप्त रास्ता

9/9/2017 6:15:11 PM

सिरसा (सतनाम सिंह):डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय की सघन तलाशी के दूसरे दिन की कार्रवाई आज खत्म हो गई है। सुरक्षा एजेंसियों को गुरमीत राम रहीम की गुफा से उसकी शिष्याओं के हॉस्टल तक जाने वाली एक सुरंग एवं रास्ते का पता चला।  डेरा परिसर की तलाशी के दौरान पटाखे बनाने का एक अवैध कारखाना और रसायन भी मिले। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को पिछले महीने बलात्कार के जुर्म में 20 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी।  

राज्य के सूचना और जन संपर्क विभाग के उप निदेशक सतीश मेहरा ने बताया कि डेरा प्रमुख के ठहरने के स्थान गुफा में एक रास्ता मिला जो साध्वी निवास तक जाता है।  उन्होंने कहा, ‘‘डेरा की तलाशी के दौरान एक फाइबर सुरंग का भी पता चला। फाइबर सुरंग में कीचड़ भरा था। डेरावास साध्वी निवास से जुड़ा है।डेरा परिसर में पटाखे बनाने की एक फैक्ट्री भी मिली है और यह अवैध फैक्ट्री है। उसे सील कर दिया गया है।’’  उन्होंने बताया कि पटाखे बनाने में उपयोग आने वाले रसायन भी मिले हैं। ए के 47 के कारतूसों का एक खाली बक्सा भी मिला है।   हरियाणा प्रशासन ने इस तलाशी मामले में मेहरा को ही मीडिया से बातचीत करने के लिए अधिकृत किया है। 

अब वन्य प्राणी मामले में घिरा डेरा
डेरा सच्चा सौदा में चले सर्च ऑप्रेशन के पहले दिन ही संदिग्ध सामान मिलने से विवाद बढ़ गया है। सर्च अभियान के तहत आज डेरा में काफी संख्या में वन्य प्राणी भी मिले। इनमें हिरण, मोर वन्य प्राणी शामिल हैं। वन्य प्राणी एक्ट के अनुसार कोई भी व्यक्ति वन्य प्राणियों को पालतू जानवर के तौर पर नहीं रख सकता। डेरा ने इस मामले में भी कानून की उल्लंघना की। इस उल्लंघना पर वन्य जीवों के लिए लम्बे समय से लड़ाई लड़ रहे हरियाणा के ही नरेश कादियान ने सीएम विंडो में शिकायत देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। कादियान ने हवाला दिया है कि वन्य प्राणी एक्ट 1972 के अंतर्गत डेरा सच्चा सौदा में वन्य प्राणी रखे जाने के संदर्भ में आज तक एक भी केस दर्ज नहीं किया गया है। जबकि आज सर्च ऑप्रेशन के दौरान मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डेरा परिसर में वन्य प्राणी देखे गए। 

शेर का बच्चा रखते थे गुरमीत
कपड़ों से लेकर जूतो तक अजब-गजब फैशन रखने वाला गुरमीत सिंह वन्य प्राणियों को भी रखने का शौकीन था। उसका शौक ऐसा था कि काफी साल पहले उसने कहीं से एक शेर का बच्चा मंगवाया। बाबा को अक्सर शेर के इस बच्चे के साथ देखा गया। बाद में शायद उन्हें इस बात का आभास हो गया कि शेर का बच्चा सार्वजनिक मंच पर साथ दिखने से वह विवादों में आ सकता है। इसलिए बाद में उस शेर के बच्चे को किसी ने नहीं देखा। इसके अलावा मोर, हिरण, महंगे कुतेे भी रखने का शौक राम रहीम को था।