इनेलो के फैसले से मचा पार्टी में घमासान, "जहां दुष्यंत वहां हम" कैंपेन हुआ शुरू (VIDEO)

11/2/2018 10:58:22 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा विधानसभा में सत्ता का सुख भोग चुकी चौधरी देवीलाल द्वारा निर्मित पार्टी में अब पारिवारिक घमासान मचा हुआ है। परिवार की अंतर्कलह ने पार्टी को एक ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया, जहां विपक्षी पार्टियों से लडऩे की बजाए इनेलो नेताओं में ही फूट पडऩी शुरू हो गई है। इनेलो ने शुक्रवार शाम हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला और इनेलो की छात्र इकाई इनसो के अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को पार्टी से बाहर निकालते हुए उनकी पार्टी सदस्यता रद्द कर दी। उसके बाद से इनेलो में दो फाड़ के लक्षण साफ तौर पर देखने को मिले।



दरअसल, इनेलो दो धड़ों में पहले से ही बंटी हुई, एक तरफ इनेलो में अभय को चाहने वाले हैं, वहीं दूसरी तरह दुष्यंत चौटाला को चाहने वाले। चाहने की बात करें तो इनके समर्थक आगामी चुनावों में अपने नेताओं को भावी मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। हालांकि पार्टी में अंतर्कलह तो काफी पुरानी है, लेकिन ये तब निकल कर सामने आई, जब हरियाणा में चुनावों के दिन नजदीक आए हैं।

पहले जानिए कि आज क्या-क्या हुआ?

  • आज शुक्रवार शाम सबसे पहले इनेलो पार्टी से दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला की सदस्यता रद्द की जाने की खबर आई।
  • इसी बीच अजय चौटाला के पैरोल पर जेल से बाहर आने की सूचना मिली।
  • जैसे ही दुष्यंत और दिग्विजय के निकाले जाने की खबर इनेलो के कार्यकर्ताओं तक पहुंची, वैसे दुष्यंतवादिता शुरू हो गई।
  • जितने भी कार्यकर्ता दुष्यंत चौटाला के समर्थक हैं, उन्होंने पार्टी छोडऩे का ऐलान कर दिया।
  • फतेहाबाद में इनसो की इकाई ने पूर्णरूप से इनेलो से इस्तीफा दे दिया।
  • सोनीपत में इनेलो नेता सुमित राणा ने कहा कि दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला के निष्कासन से युवा कार्यकर्ता दु:खी हुए हैं। अजय सिंह चौटाला के बाहर आने के बाद बड़ा फैसला होगा।
  • जींद में इनेलो के जिला अध्यक्ष कृष्ण राठी भी दुष्यन्त के समर्थन में आए। उन्होंने कहा शनिवार को अभय गुट को बाय बाय करेंगे।
  • वहीं उचाना से पूर्व विधायक देशराज नम्बरदार के सुपत्र विश्व वीर (काला नंबरदार) ने भी अपने फेसबुक पोस्ट में इनेलो से इस्तीफा देने का ऐलान किया।


     
  • बहादुरगढ़ में जिला प्रधान महासचिव संजय दलाल व इनसो के जिला प्रधान आश्चर्य दलाल ने इनैलो से त्यागपत्र दिया। संजय दलाल जहां दुष्यंत वहां हम का का अभियान भी चला चुके हैं। झज्जर और बहादुरगढ़ में इनेलो के कई नेता दुष्यंत के समर्थन में इस्तीफा दे सकते हैं।
  • इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता विवेक चौधरी ने इस्तीफा देने की घोषणा ट्विटर पोस्ट में की। विवेक ने लिखा जहां दुष्यंत वहां हम। विवेक चौधरी ने अभय चौटाला के आगमन पर अंबाला शहर में जहां दुष्यंत वहां हम के पोस्टर लगाये थे।




पार्टी से निकाले जाने पर बोले दुष्यंत
पार्टी से निकाले जाने की खबर मिलते ही दुष्यंत सिरसा पहुंचे। जहां उनसे पार्टी से निकाले जाने पर उनकी राय जानने की कोशिश की गई। जिसपर उन्होंने कहा कि उनके निष्कासन को लेकर अभी तक कोई लिखित आदेेश नहीं आया है। जब लिखित आदेश आएंगे तो ही कुछ टिप्पणी कर सकता हूं। जब आर्डर आएगा तब टिप्पणी करूँगा।

दिग्विजय बोले- पिता अजय चौटाला के आने पर लेंगे बड़ा फैसला
पार्टी से निकाले जाने के बाद दिग्विजय चौटाला का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि 5 नवंबर को पिता अजय चौटाला पैरोल पर बाहर आ रहे हैं। और कोई बड़ा फैसला किया जाएगा। दिग्विजय चौटाला ने बताया कि पार्टी में जो कुछ हुआ, उस दौरान जिन लोगों ने भी गलत बयान दिए हैं सवाल उठाए हैं उन सब चीजों को मद्देनजर ध्यान में रखकर चर्चा की जाएगी। जो कुछ दूषणवाजी हुई है वो भी चर्चा की जायेगी। जो लोग उनके चाहने वाले हैं वह भी आकर अपनी बात सामने रखेंगे और कुछ फैसला लिया जा सकता है।

ऐसे शुरू हुई गुटबाजी
गौरतलब है कि गोहाना में आयोजित हुई रैली में पार्टी की पारिवारिक अंतर्कलह पहली बार देखने को मिली थी, जिसमें मंच पर अभय चौटाला के भाषण के दौरान दुष्यंत के समर्थकों ने हूटिंग की और दुष्यंत चौटाला जिंदाबाद के नारे लगाए थे। जिसके बाद पार्टी सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने अपने भाषण के दौरान समर्थकों को समझाया था कि पार्टी में ज्यादा उछलकूद करने वाले को बाहर का रास्ता दिखा देंगे। 

इनेलो ने दोनों ही नेताओं पर अनुशासनहीनता को आरोप लगाया और कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस के जवाब के बाद पार्टी को फैसला लेना था कि  दोनों को पार्टी में रखा जाए या नहीं। इनेलो के नेताओं के परिवार में पैदा हुई अंतर्कलह ने पार्टी को इस मुकाम पर पहुंचा दिया, जिससे पार्टी दो युवा व दिग्गज नेताओं को बाहर निकालने का फैसला लेना पड़ा। फिलहाल, इनेलो को हर कदम फूंक-फूंक कर रखना होगा, पार्टी में अभी और क्या होता है, ये देखना है।

इनेलो का बड़ा फैसला, पार्टी से निकाले गए दुष्यंत व दिग्विजय चौटाला

Shivam