'जग्गा जासूस' की मशहूर मॉडल विदिशा ने किया सुसाइड, जानिए क्या थी वजह

7/19/2017 11:46:20 AM

गुरुग्राम (राशि मनचंदा):दिल्ली से सटे गुरुग्राम में असम की मशहूर मॉडल और सिंगर विदिशा बेज बरवा ने सुसाइड कर लिया। बिदिशा दो दिन पहले अपने पति निशित झा झा के साथ गुरुग्राम में शिफ्ट हुई थी। बिदिशा ने हाल ही में रिलीज हुई रणबीर-कैटरीना की फिल्म जग्गा जासूस में भी काम किया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची गुड़ंगाव पुलिस ने सुबूतों के आधार पर जांच की और उसके पति को गिरफ्तार किया। 

एक साल पहले हुई थीं विदिशा की शादी
अभिनेत्री विदिशा की शादी करीब एक साल पहले गुजरात में रह रहे निशित झा के साथ हुई थी, लेकिन शादी के बाद से विदिशा खुश नहीं थी। बताया जाता है कि उसकी शादीशुदा जिंदगी में सब-कुछ ठीक नहीं चल रहा था। पिछले दिनों उसने अपने पति से तलाक लेने की बात भी कही थी, लेकिन अभी तक दोनों के बीच तलाक नहीं हुआ था। विदिशा गुरुग्राम शिफ्ट होने की तैयारी कर रही थी। इसी के चलते उसने यहां के सुशांत लोक में एक मकान किराए पर लिया था और रविवार को यहां पहुंची थी, लेकिन सोमवार की रात उसने अपने घर के पंखे में चुन्नी से फांसी लगा ली। 

कमाल की डांसर थीं विदिशा
विदिशा सिंगिंग और एक्टिंग के अलावा एक कमाल की डांसर थीं। उन्होंने कई नेशनल स्टेज पर परफॉर्म किया था। वह मशहूर सिंगर पापोन के साथ बीहू भी करती देखी गई थीं। विदिशा सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही थीं लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ में एेसी परेशानियां आईं कि उन्होंने मौत को गले लगा लिया। 

दामाद का किसी और लड़की से था अफेयर: पिता
डी.सी.पी. ईस्ट दीपक सहारण का कहना है कि विदिशा के पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि निशित का किसी और लड़की के साथ अफेयर था, जिसके चलते वह विदिशा को परेशान रखता था। इस मामले में पहले भी पारिवारिक तौर पर मान मनौव्वल हुई, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। 

असम के मुख्यमंत्री ने खट्टर से की बात
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने असमिया अभिनेत्री विदिशा की गुड़गांव में हुई संदिग्ध मौत के मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर से फोन कर इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि मृतका के परिजनों को न्याय मिल सके। उधर, दिल्ली के संयुक्त आयुक्त एवं उत्तर-पूर्व के लोगों के लिए दिल्ली पुलिस के नोडल अधिकारी ने भी गुड़गांव पुलिस कमिश्नर से मामले की विस्तृत जांच करने का आग्रह किया है।