'अगर नेहरू अब्दुल्ला परिवार से चोंच ना लड़ाते तो बॉर्डर पर इतनी शहादत न होती'

8/25/2019 3:17:02 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने बॉर्डर पर शहीद होने वाले सैनिकों का जिम्मेदार पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को बताया है। उन्होंने कहा कि अगर पंडित जवाहरलाल नेहरू अब्दुल्ला परिवार से चोंच ना लड़ाते तो भारत पाकिस्तान के बॉर्डर पर इतनी शहादत नहीं होती। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा शहादत हरियाणा प्रदेश के जवानों की हुई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को हटाकर उन लोगों के मुंह पर तमाचा मारा है जो इस देश को तोडऩे का काम कर रहे थे।

वहीं सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में गढ़ी सांपला किलोई भारतीय जनता पार्टी के लिए कोई चुनौती नहीं है। चुनाव चुनाव की तरह लड़ा जाता है। जनता जिसके साथ होती है वह हर चुनौती से पार उतर जाता है। गढ़ी सांपला किलोई को भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ मानना निराधार है। क्योंकि गढ़ किसी नेता का नहीं होता, गढ़ केवल जनता का होता है। जनता के सामने सभी गढ़ बह जाते हैं।

बता दें कि रोहतक लोकसभा से भाजपा सांसद अरविंद शर्मा के साथ सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर शनिवार रोहतक नयाबास गांव में हिंदी आंदोलन के शहीद सुमेर सिंह के शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। यहां सांसद ने कहा कि जिस तरह से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने काम किए हैं, उससे यह तय है कि हरियाणा प्रदेश में भी भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

Shivam