Haryana के CM Manohar Lal का Super Exclusive Interview| चुनाव अगले साल, कितने तैयार मनोहर लाल?

punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2023 - 11:41 AM (IST)

सुधीर पांडेय: हरियाणा में 14वीं विधानसभा के चार साल पूरे होने को हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर मनोहर लाल लगातार 9 साल से सफल सरकार चला रहे हैं। अब अगले साल अक्तूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं और उसके लिए मनोहर लाल ने अभी से न सिर्फ कमर कस ही ली है बल्कि तीसरी बार भी सरकार बनाने का दावा कर दिया है। पंजाब केसरी कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री ने खास बातचीत में सरकार की उपलब्धियां तो गिनवाई हीं साथ ही विरोधियों के हर हमले का बखूबी जवाब भी दिया। पेश है सीएम मनोहर लाल से इंटरव्यू के प्रमुख अंश

 

• आपको सरकार चलाते 9 साल हो गए हैं। अगले साल चुनाव होने हैं। किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे ?

हमारी सरकार ने 2014 से लेकर अभी तक प्रदेश की जनता के हित में कई काम किए हैं। मेरा दावा है कि कांग्रेस की सरकार के दस साल में जितने काम नहीं हुए थे हमने 9 साल में ही उससे ज्यादा कर दिखाए हैं। हमने कई ऐसे काम किए हैं जिसे करने के बारे में पिछली सरकारें सोचती भी नहीं थी। लोगों के जीवन को कैसे सरल किया जाए, सुखी किया जाए, लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले ये हमारी प्राथमिकता रही हैं। लोगों को घर बैठे सेवाएं कैसे मिलें हमारा फोकस इस ओर रहा है। हमने पारदर्शी तरीके से नौकरियां दीं। बिना पर्ची बिना खर्ची के युवाओं को सरकारी विभागों में सेवाओं में लगाया। लोगों को अब लगता है कि गरीब परिवार का पढ़ा-लिखा नौजवान भी नौकरी प्राप्त कर सकता है। अतीत मैं तो पैसे देने पर भी नौकरी नहीं मिलती थी। हमने परिवार पहचान पत्र चालू किया। हम ये सब चुनाव के दौरान लोगों के बीच लेकर जाएंगे और हमें यकीन है कि जनता का प्यार और आशीर्वाद हमें तीसरी बार भी जरूर मिलेगा।

• एक देश एक चुनाव की खूब चर्चा है। अगर लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हुए तो आपकी क्या तैयारी है ?

चुनाव की चर्चा कई प्रकार से चल रही है। विधानसभा चुनाव चाहे लोकसभा के साथ हों या अपने समय पर हम दोनों ही स्थितियों के लिए पूर्णत: तैयार हैं। हम 2019 की तरह 2024 में भी हरियाणा की 10 की 10 सीटें जीतकर मोदी जी को मजबूत करेंगे और केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। हम विधानसभा चुनाव के लिए भी तैयार हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भारतीय जनता पार्टी आसानी से पूर्ण बहुमत के आंकड़े को पार करेगी।

• भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहते हैं कि हरियाणा में पोर्टल की सरकार है। पोर्टल को बंद कर देना चाहिए लोग बहुत परेशान हैं। आप क्या कहेंगे?

मैं सबसे पहले हुड्डा जी का धन्यवाद करता हूं और आशा करता हूं कि वो ऐसा कहते रहें और हमारी आलोचना करते रहें। अगर वो ऐसा करते रहेंगे तो जनता को जो लाभ इन पोर्टलों से मिल रहा है उनके सामने इनका चेहरा बेकनाव होगा। वो इस विषय को जितना चलाए रखेंगे हमें उतना ही लाभ होगा। जितना तेज गति से वो इसकी आलोचना करेंगे उतनी ही तेजी से हम लोगों को बताएंगे कि कौन- कौन सी चीजें हमने जनता को डिलिवर करवाई हैं। उदाहरण के तौर पर आज बैकवर्डपत्र चालू किया। हम ये सब चुनाव के दौरान लोगों के बीच लेकर जाएंगे और हमें यकीन है कि जनता का प्यार और आशीर्वाद हमें तीसरी बार भी जरूर मिलेगा। 

• आपके ड्रीम प्रोजैक्ट क्या हैं, जो 9 सालों में पूरे कर दिए और अगले एक साल में करने हैं ?

हमने सरकारी सिस्टम में पारदर्शिता लाई है। हमने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी बनाई जिसे देश में कई राज्यों ने सराहा भी और अपनाया भी। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित स्वामित्व योजना को लागू किया जिसमें गांव के अंदर लाल डोरा समाप्त करना मुख्य था। यह हमारी बड़ी उपलब्धि है। बहुत से प्रदेश इसे भी अपना रहे हैं। हर परिवार को घर बैठे राशन कार्ड मिल रहे हैं जबकि इससे पहले कई-कई सालों तक लोग घूमते थे लेकिन राशन कार्ड नहीं बनते थे। हमने केंद्र की आयुष्मान भारत योजना के साथ चिरायु योजना को जोड़ा और 14 लाख परिवारों को उसका लाभ दिया। निरोगी हरियाणा योजना बनाई जिसमें 1 करोड़ 41 लाख लोगों का साल में एक बार हैल्थ चैकअप हम निःशुल्क करवा रहे हैं। किसानों के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा योजना हम लाए जिसमें खेत में बोई फसल की जानकारी से लेकर उसकी बिक्री, प्रोक्योरमेंट तक की जिम्मेदारी हमारी है। सूखा, ओलावृष्टि और बाढ़ जैसे नुक्सान पर किसानों की समय पर मदद के लिए सरकार तत्पर है। किसानों को फसल खरीद के बाद पैसा सीधा उनके खातों में डाला जा रहा है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत हम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचा रहे हैं। एक लाख रुपए आय से कम हर परिवार के एक व्यक्ति को ट्रेनिंग सहायता दे रहे हैं, उसे प्रशिक्षित कर रहे हैं ताकि वो अपने पैरों पर खड़ा हो सके।

• आप कहते हैं भ्रष्टाचार का काल मनोहर लाल भ्रष्टाचार को खत्म कर पाने में आप कितना कामयाब हुए?

भ्रष्टाचार को खत्म कर पाने में हम काफी हद तक कामयाब हुए हैं। आज किसी की हिम्मत नहीं होती कि वो खुले रूप से रिश्वत मांगे या ले। हां अंदरखाते अभी रिश्वतखोरी की शिकायतें हमें मिलती हैं। भ्रष्टाचार को 100 प्रतिशत खत्म करने के लिए जनता को खुद को बदलना पड़ेगा। इसमें चाहे नेता हों, चाहे अधिकारी या फिर कर्मचारी आपसी समझौते में लोग कभी- कभी जो कर जाते हैं उसे खत्म करने की जरूरत है। हम इसके लिए तकनीक का सहारा भी ले रहे हैं। एजेंसी भी काम कर रही हैं। भ्रष्टाचार विहीन व्यवस्था दे सकें इस पर हमारा फोकस है।

• आप अपना राजनीतिक गुरु किसे मानते हैं ?

हम संगठन के लोग हैं। हमें संगठन से संस्कार मिलते हैं। हम जहां भी हैं वो संस्कारों का ही प्रताप है। हमारे संगठन में बड़े से बड़ा व्यक्ति हो या छोटे से छोटा कार्यकर्त्ता, वो अपने संस्कारों से ही आगे चलता है। हमें राजनीतिक तौर पर अटल जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी से मार्गदर्शन मिला। अब नरेंद्र मोदी जी हमारे आदर्श हैं। मैं संघ में मोदी जी के साथ काम करता था। पंचकूला में उनका भी केंद्र था और मेरा भी। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

• आपके विरोधी कहते हैं हरियाणा में अफसरशाही बेलगाम है। आपकी क्या प्रतिक्रिया है ?

ऐसा नहीं है कि अधिकारी बेलगाम हैं। आरोप लगाने वाले खुद अफसरशाही के साथ जो व्यवहार करते थे हम वो नहीं करते। उन्होंने अफसरों के सामने कई प्रकार से संकट खड़े किए। अधिकारी भी परेशान होते थे कि क्या काम करें क्या न करें। एक नेता ने तो राज्यपाल को ही थप्पड़ मार दिया था और कुछ नेता तो अधिकारियों को डांटते थे। उनसे अधिकारी कभी खुश नहीं रहते थे। हमारा ये मानना है कि सरकार का नीति निर्देशन का काम है और उसे एक्जीक्यूट करने का काम अधिकारियों का होता है। अधिकारी लगभग ठीक होते हैं जो नहीं होते उनके साथ जो करना चाहिए वो हम करते हैं। मुखिया जो चाहता है अधिकारी वैसा समझ लेते हैं और उसी प्रकार से चलते हैं। अधिकारियों का इसमें कोई दोष नहीं है।

• नूंह हिंसा के लिए किसे दोषी मानते हैं और सरकार उन पर क्या कार्रवाई कर रही है?

ब्रजमंडल यात्रा के दौरान जो कुछ भी हुआ वो बहुत दुखद था। सोशल मीडिया पर कुछ खुराफाती नौजवानों ने माहौल खराब किया और वो नूंह से भी नहीं थे। कुछ महीने पहले हमने पुन्हाना में साइबर क्राइम का थाना बनाया था। पुन्हाना में हमने 14 गावों में योजनाबद्ध तरीके से 5000 पुलिसवालों को लगाकर एक दिन का सर्च ऑप्रेशन किया। इस दौरान सैंकड़ों नौजवानों को पकड़ा गया जो साइबर क्राइम में एक्सपर्ट थे। 100 करोड़ से ऊपर की साइबर क्राइम की शिकायतों का खुलासा हुआ। उनके पूरे नैक्सस को हमने तहस-नहस कर दिया। इसी का बदला लेने के लिए नूंह में हिंसा करवाई गई। यात्रा से पहले प्रशासन ने सभी पक्षों से बात कर शांति को सुनिश्चित किया लेकिन उसके बाद भी ऐसी घटना हुई जिससे पूरा प्रदेश आहत हुआ। नूह में जो नुक्सान हुआ उसका दुख है, 6 जानें चली गई फिर भी हमने केंद्र की मदद से हालात को कंट्रोल किया।

• आम आदमी पार्टी को 'आप' 2024 के लिए कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?

ऐसा कुछ नहीं है। आम आदमी पार्टी दो-तीन चुनाव से कोशिश कर रही है उसे हरियाणा की जनता कोई भाव नहीं देती है। मैंने दिल्ली में 'आप' की सरकार देखी, पंजाब में देखी, जिस प्रकार के नारे बोलते हैं उससे बिल्कुल उलट दोनों राज्यों की जनता किस्से-कहानियां सुनाती है। चाहे दिल्ली हो या पंजाब वहां खालीपन था भाजपा नहीं थी इसलिए उन्हें स्पेस मिल गया। हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा के बीच ही मुकाबला है और हम अच्छी पोजीशन पर हैं।

-सुधीर पांडे/ संजय अरोड़ा

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static