झज्जर की बेटी मनु ने CWG में भारत को दिलाया छठा स्वर्ण, कै. अभिमन्यु ने ट्वीट कर दी बधाई(Video)

4/8/2018 12:12:28 PM

झज्जर(प्रवीन धनखड़): झज्जर की बेटी अौर भारत की महिला निशानेबाज मनु भाकर ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीता है। गोल्डन गर्ल मनु ने राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में जीत हासिल कर भारत की झोली में छठा स्वर्ण पदक डालकर प्रदेश अौर देश का नाम रोशन किया है। 

मनु की इस उपलब्धि के लिए जहां परिवार में खुशी का माहौल है वहीं हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने ट्वीट कर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें मनु भाकर पर गर्व है। मनु की कामयाबी से उनके घर में खुशी का माहौल है। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बेटी की उपलब्धि पर परिजनों द्वारा मिठाईयां बांटी जा रही है।

हरियाणा के झज्जर जिले की रहने वाली 16 वर्षीय मनु ने इस प्रतियोगिता के फाइनल में कुल 240.9 अंक हासिल किए। मनु भाकर ने जूनियर वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में लगातार 6 गोल्ड मेडल जीत चुकी है। इससे पहले मनु ने मेक्सिको के रिजवी सिटी में चलें शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी दो स्वर्ण पदक हासिल किए थे। करीब दो साल से निशानेबाजी सीख रही मनु ने बहुत कम समय में कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। 

Nisha Bhardwaj