बप्पा के दर्शन के लिए सिद्धिविनायक मंदिर पहुंची मानुषी, परिवार संग की पूजा

punjabkesari.in Monday, Nov 27, 2017 - 10:40 AM (IST)

चंडीगढ़/झज्जर(ब्यूरो): मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर स्वदेश लौटने के बाद परिवार के साथ मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंची। जहां उन्होंने बप्पा के दर्शन किए अौर मानुषी वहां तकरीबन आधा घंटा भगवान गणेश के दरबार में रहीं। उनके साथ माता-पिता और छोटा भाई था। मानुषी गणपति बप्पा की आरती में भी शामिल हुईं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार देर रात करीब 1 बजे मानुषी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर भारतीय परंपरा के अनुसार उनका धमाकेदार स्वागत किया गया था। मानुषी के आने से पहले एयरपोर्ट पर फैन्स उनके पोस्टर लेकर घंटों पहले पहुंच गए थे। हजारों लोगों की भीड़ यहां मानुषी की एक झलक पाने के लिए मौजूद थी।
PunjabKesari
हरियाणा की रहने वाली मानुषी ने इस साल फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता था। इसके बाद छिल्लर ने चीन के सान्या शहर एरीना में आयोजित समारोह में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 108 सुंदरियों को पछाड़ कर मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया है। प्रियंका चोपड़ा के मिस वर्ल्ड बनने के 17 साल बाद मानुषी ने यह खिताब अपने नाम किया। मानुषी छिल्लर देश की छठी मिस वर्ल्ड हैं, इससे पहले रीता फारिया, ऐश्वर्या राय, डायना हेडन, युक्ता मुखी, प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी हैं। फाइनल राउंड में मानुषी छिल्लर से जूरी ने सवाल पूछा था कि किस प्रोफेशन में सबसे ज्यादा सैलरी मिलनी चाहिए और क्यों? इसके जवाब में मानुषी ने कहा था, 'मां को सबसे ज्यादा सम्मान मिलना चाहिए। इसके लिए उन्हें कैश में सैलरी नहीं बल्कि सम्मान और प्यार मिलना चाहिए।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News

static