भारत केसरी दंगल में हरियाणा का दबदबा, मौसम खत्री बने हीरो

3/24/2017 9:57:04 AM

अंबाला(कमलप्रीत):छावनी के वार हीरोज मैमोरियल स्टेडियम में एक करोड़ इनामी दंगल के अधिकतर इनाम हरियाणा के महिला व पुरुष पहलवान ले उड़े। हजारों दर्शकों के बीच हुई इस खिताबी भिड़ंत में खिलाड़ियों ने दमखम का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का लोहा मनवाया। पिछली बार एक करोड़ इनामी दंगल जीतने वाले प्रदेश के पहलवान मौसम खत्री ने 97 किलो वर्ग में अपना लोहा इस बार फिर से मनवाते हुए पुन: खिताब पर कब्जा जमाया। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर हुए इस दंगल में विजेताओं को सी.एम. मनोहर लाल खट्टर ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। 

प्रतियोगिता के आयोजन से गदगद हुए सी.एम.खट्टर ने प्रतियोगिता में अगले वर्ष इनामी राशि एक करोड़ से 2 करोड़ रुपए करने की घोषणा करी तो पूरा हाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। सी.एम. खट्टर ने कहा कि हरियाणा आने वाले समय में दुनिया के सभी खेलों का हब बनकर उभरेगा और अगले वर्ष दंगल की राशि दो करोड़ रुपए की जाएगी। योग एवं व्यायामशालाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को कुश्ती, कबड्डी जैसे हरियाणा के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता है।

खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रतियोगिता में पहलवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया है। सरकार उन्हें ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित करें यह उनका प्रयास रहेगा। स्वर्ण जयंती भारत केसरी दंगल समारोह को पर्ण रूप से आजादी के दीवाने व खेलों को समर्पित रहा। रियो ओल्मपिक 2016 में भारत के प्रतिनिधित्व करने वाले 22 खिलाड़ियों तथा पैरालम्पिक में भाग लेने वाले 9 खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपए की राशि से सम्मानित किया गया। वहीं भारत के कुश्ती में एकमात्र रैफरी कम जज की भूमिका निभाने वाले अशोक कुमार को 10 लाख रुपए की सम्मानित राशि प्रदान की गई। ओल्मपियन साक्षी मलिक, पी.वी. सिंधु, विनेश फोगाट, गीता फौगाट, दलीप राणा उर्फ  ग्रेट खली दर्शकों का विशेष आकर्षण रहे। यह पहला अवसर रहा कि रियो ओलंपिक के बाद किसी राज्य ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को इतनी बड़ी नकद राशि से सम्मानित किया है।